पवन कल्याण के जन्मदिन पर चिरंजीवी ने जताया प्यार, कहा- 'बेटे की तरह करता हूं प्यार'
पवन कल्याण का जन्मदिन: परिवार और दोस्तों की शुभकामनाएं
मुंबई, 2 सितंबर। साउथ सिनेमा के मशहूर अभिनेता और आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण आज अपना जन्मदिन मना रहे हैं। इस खास मौके पर उनके परिवार और दोस्तों ने उन्हें बधाई दी।
पवन कल्याण के बड़े भाई और सुपरस्टार चिरंजीवी ने इंस्टाग्राम पर तस्वीरें साझा करते हुए उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि वे पवन को अपने बेटे की तरह प्यार करते हैं।
चिरंजीवी ने लिखा, "कल्याण बाबू एक सपने देखने वाले इंसान हैं। मैंने हमेशा उनके अंदर प्यार, जिम्मेदारी और लोगों की भलाई की सच्ची इच्छा देखी है। वह जो भी करते हैं, उसमें पूरी तरह से समर्पित रहते हैं और हर कदम पर दूसरों की भलाई का ध्यान रखते हैं।"
उन्होंने आगे कहा, "जो लोग उन पर भरोसा करते हैं, उन्हें वह उतना ही प्यार और अपनापन देते हैं जितना अपने परिवार को। उपमुख्यमंत्री बनने के बाद, वह गांवों के विकास, आदिवासी क्षेत्रों के उत्थान और पर्यावरण की सुरक्षा के लिए समर्पित हैं।"
चिरंजीवी ने पवन कल्याण की प्रशंसा करते हुए कहा, "वह कई वर्षों से न सुलझी समस्याओं का समाधान कर रहे हैं और विकास को दूरदराज के क्षेत्रों तक पहुंचा रहे हैं। जिन लोगों ने उन्हें वोट दिया है, उनके साथ वह एक परिवार के सदस्य की तरह खड़े हैं। मैं कामना करता हूं कि वह अच्छे स्वास्थ्य के साथ सौ साल जिएं और लोगों की सेवा करने के लिए और अधिक शक्ति प्राप्त करें।"
अभिनेता रवि किशन ने भी पवन कल्याण को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इंस्टाग्राम पर पवन के साथ एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा, "आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और लोकप्रिय अभिनेता पवन कल्याण जी, आपको जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। भगवान श्री वेंकटेश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करता हूं।"