जीवा की नई फिल्म 'थगप्पन' का पहला गाना 'थंगापुल्ला' हुआ रिलीज, पिता-बेटे के रिश्ते की कहानी
जीवा की 'थगप्पन' का इमोशनल गाना 'थंगापुल्ला'
चेन्नई, 31 अक्टूबर। साउथ फिल्म इंडस्ट्री के अभिनेता जीवा की नई फिल्म 'थगप्पन' का पहला गाना 'थंगापुल्ला' हाल ही में लॉन्च हुआ है। इस पारिवारिक मनोरंजन फिल्म के गाने को दर्शकों द्वारा काफी सराहा जा रहा है। यह गाना पिता और बेटे के बीच के प्यार और दूरी को दर्शाता है।
गाने के माध्यम से फिल्म की कहानी का एक झलक भी देखने को मिलता है, जिसमें एक पिता अपने बेटे के करीब रहना चाहता है, लेकिन अपनी पहचान प्रकट नहीं कर पाता।
जीवा ने अपने एक्स अकाउंट पर गाने का लिंक साझा करते हुए लिखा, ''कविता, खुशी और हमारे जीवन का सबसे खूबसूरत जश्न। 'थंगापुल्ला' के साथ प्यार के सबसे शुद्ध रूप को महसूस कीजिए। यह 'थगप्पन' का पहला गाना है।''
गाने के बोल पा विजय ने लिखे हैं, जबकि मुरुगावेल ने इसे गाया है। इसका संगीत मार्शल रॉबिन्सन ने तैयार किया है।
गाने के वीडियो में जीवा का किरदार अपने बेटे प्रेम के पीछे दूर से चलता हुआ दिखाई देता है। वह चुपचाप अपने बेटे को देखता है और उसकी खुशी में शामिल होता है। गाने के बोल और वीडियो से यह स्पष्ट होता है कि फिल्म में पिता अपने बेटे से गहरा प्यार करता है, लेकिन दोनों के बीच एक दूरी है, जिससे वह अपने बेटे को यह नहीं बता पाता कि वह उसका पिता है।
फिल्म की शूटिंग अगस्त में पूरी हो चुकी थी। प्रोडक्शन हाउस लार्क स्टूडियोज ने सोशल मीडिया पर शूटिंग समाप्त होने की जानकारी साझा करते हुए लिखा, ''हर फ्रेम में एक एहसास है और हर पल अपने साथ एक याद लेकर आता है। 'थगप्पन' की शूटिंग पूरी हो गई है। अब जल्द ही सिनेमाघरों में भावनाओं की कहानी देखने को मिलेगी।''
फिल्म में राजिशा विजयन फीमेल लीड के रूप में नजर आएंगी। इसके अलावा, एम. सुकुमार ने सिनेमैटोग्राफी की जिम्मेदारी संभाली है, जबकि एडिटिंग नागूरन रामचंद्रन ने की है।
यह फिल्म 24 दिसंबर को क्रिसमस के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।