क्या है सामंथा की 'मा इंटी बंगारम' का जादू? बनी 100 करोड़ कमाने वाली पहली महिला-प्रधान तेलुगु फिल्म!
सामंथा की फिल्म ने बनाया नया रिकॉर्ड
चेन्नई, 12 जुलाई। अभिनेत्री सामंथा रुथ प्रभु की नई फिल्म 'मा इंटी बंगारम' ने बॉक्स ऑफिस पर एक नया मील का पत्थर स्थापित किया है। इसके निर्माताओं का दावा है कि यह फिल्म विश्व स्तर पर 100 करोड़ रुपये की कमाई करने वाली पहली महिला-प्रधान तेलुगु फिल्म बन गई है.
सामंथा के प्रोडक्शन हाउस ट्रालाला मूविंग पिक्चर्स ने रविवार को इंस्टाग्राम पर इस उपलब्धि की जानकारी साझा की। उन्होंने फिल्म को ब्लॉकबस्टर करार देते हुए लिखा, "'मा इंटी बंगारम' ने गोल्डन सेंचुरी पूरी कर इतिहास रच दिया है।"
यह फिल्म 19 जून को रिलीज हुई थी और इसमें सामंथा रुथ प्रभु मुख्य भूमिका में हैं। नंदिनी रेड्डी द्वारा निर्देशित इस फैमिली एक्शन-कॉमेडी ड्रामा की कहानी राज निदिमोरु ने लिखी है.
फिल्म के प्री-रिलीज इवेंट में सामंथा ने बताया कि उन्होंने एक्शन दृश्यों के लिए खुद स्टंट किए और इस दौरान उन्हें कई चोटें भी आईं।
उन्होंने कहा, "फिल्म में कोई स्लो मोशन या ओवर-द-टॉप एक्शन सीन नहीं हैं। सभी फाइट सीक्वेंस वास्तविक हैं। मुझे कई मुक्के लगे, खून भी बहा, लेकिन मैंने सभी एक्शन सीन खुद किए। शायद यही वजह है कि दर्शकों को फिल्म का एक्शन इतना वास्तविक लग रहा है।"
सामंथा के अलावा दिगंत और गुलशन देवैया भी फिल्म में महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं। श्रीमुखी, गौतमी, आनंद, लक्ष्मी, श्रीनिवास गाविरेड्डी और मंजूषा ने भी अहम किरदार निभाए हैं.
सामंथा ने इस साल जनवरी में कहा था, "'मा इंटी बंगारम' एक ऐसी महिला की कहानी है, जिसकी ताकत उसकी संवेदनशीलता और साहस दोनों से आती है। इस किरदार को निभाना और निर्माता के रूप में इस फिल्म को आगे बढ़ाना मेरे लिए बेहद संतोषजनक अनुभव रहा है।"