☰
×

क्या है 'वाराणसी' फिल्म का हाल? एस.एस. कार्तिकेय ने साझा किया बड़ा अपडेट!

एस.एस. राजामौली की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'वाराणसी' का पोस्ट प्रोडक्शन तेजी से चल रहा है। निर्माता एस.एस. कार्तिकेय ने बताया कि फिल्म का काम जनवरी तक पूरा होने की उम्मीद है। महेश बाबू, प्रियंका चोपड़ा और पृथ्वीराज सुकुमारन जैसे सितारे इस फिल्म में नजर आएंगे। जानें फिल्म की कहानी और रिलीज की तारीख के बारे में!
 

फिल्म 'वाराणसी' का पोस्ट प्रोडक्शन अपडेट




मुंबई, 28 सितंबर। एस.एस. राजामौली की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'वाराणसी' को लेकर दर्शकों में काफी उत्साह है। इस फिल्म में महेश बाबू मुख्य भूमिका में हैं, जबकि प्रियंका चोपड़ा और पृथ्वीराज सुकुमारन भी महत्वपूर्ण किरदार निभा रहे हैं।


फिल्म के निर्माता एस.एस. कार्तिकेय ने हाल ही में एक मीडिया चैनल से बातचीत में बताया कि फिल्म का पोस्ट प्रोडक्शन तेजी से चल रहा है और टीम इसे अगले साल जनवरी तक पूरा करने की योजना बना रही है।


कार्तिकेय ने यह जानकारी अपने नए प्रोजेक्ट 'डोंट ट्रबल द ट्रबल' के प्री-रिलीज इवेंट में साझा की, जिसमें फहाद फासिल लीड रोल में हैं।


उन्होंने कहा, ''हमारे पास फिल्म को पूरा करने के लिए केवल चार से पांच दिन की शूटिंग बाकी है। 'वाराणसी' का पोस्ट प्रोडक्शन भी साथ-साथ चल रहा है। काम तेजी से प्रगति कर रहा है और हमें उम्मीद है कि जनवरी तक सब कुछ तैयार हो जाएगा।''


'वाराणसी' को लेकर दर्शकों में उत्सुकता का एक और कारण यह है कि एस.एस. राजामौली इस फिल्म का निर्देशन कर रहे हैं और महेश बाबू पहली बार उनके साथ काम कर रहे हैं।


फिल्म में महेश बाबू रुद्र के किरदार में नजर आएंगे, जबकि प्रियंका चोपड़ा मंदाकिनी और पृथ्वीराज सुकुमारन कुंभा की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म का संगीत एम.एम. कीरवाणी ने तैयार किया है।


फिल्म के टाइटल टीजर के लॉन्च के बाद, एस.एस. राजामौली ने महेश बाबू के किरदार रुद्र के बारे में कहा था कि रुद्र का जन्म एक बड़े मकसद को पूरा करने के लिए हुआ है। वह एक ऐसी किस्मत के साथ जीता है, जिसे उसने खुद नहीं चुना। रुद्र मजाकिया और आक्रामक दोनों ही है। महेश बाबू ने इस किरदार के सभी पहलुओं को बखूबी निभाया है।


यह फिल्म 7 अप्रैल को विश्वभर में रिलीज होगी। इसे श्री दुर्गा आर्ट्स और शोइंग बिजनेस मिलकर प्रोड्यूस कर रहे हैं।