क्या है 'रक्स' में मानिनी डे का अनोखा किरदार? जानें विधवा मां की कहानी
मानिनी डे का नया अवतार 'रक्स'
मुंबई, 10 नवंबर। अभिनेत्री मानिनी डे जल्द ही अपनी नई शॉर्ट फिल्म 'रक्स' में एक विधवा मां का किरदार निभाने जा रही हैं, जो अपने पति के निधन के बाद अपने बच्चे की देखभाल कर रही है। इस फिल्म में उनका किरदार एक ऐसी मां का है, जो अपने व्यक्तिगत दुख से उबरने की कोशिश कर रही है और साथ ही अपने छोटे बेटे की जिम्मेदारियों को भी संभाल रही है।
मानिनी ने एक विशेष बातचीत में अपने किरदार, फिल्म के गंभीर विषय और इसके निर्देशक व निर्माता के साथ काम करने के अनुभव के बारे में जानकारी दी।
उन्होंने कहा, "'रक्स' में मैं एक विधवा मां का रोल निभा रही हूं, जिसका एक छोटा बेटा है। वह अपने साथी के खोने के गम से जूझ रही है। उसे अपने दुख से बाहर निकलना है और साथ ही बच्चे की परवरिश भी करनी है। वह मां और पिता दोनों की जिम्मेदारियां निभा रही है।"
मानिनी ने आगे बताया, "वह अपने बच्चे की जरूरतों को पूरा करने और उसे समय देने की कोशिश करती है। लेकिन जैसे-जैसे कहानी आगे बढ़ती है, वह खुद को एक ऐसे चक्र में फंसा हुआ पाती है, जहां उसे खुद से नफरत होने लगती है। यह तब होता है जब वह अपने बच्चे के बेहतर भविष्य के लिए काम करने बाहर जाती है। फिल्म में मेरा लुक आज की कामकाजी महिला जैसा है।"
शॉर्ट फिल्मों के प्रति अपनी रुचि के बारे में बात करते हुए मानिनी ने कहा कि उन्हें हमेशा से इस फॉर्मेट की फिल्में पसंद रही हैं। उन्होंने कहा, "कम समय में गंभीर और प्रभावशाली बातें दर्शकों तक पहुंचाना एक विशेष कला है। फिल्म की कहानी, उसकी लेखन शैली और उसे पर्दे पर प्रस्तुत करने का तरीका इस फॉर्मेट को खास बनाता है।"
मानिनी ने फिल्म के विषय को मानवता से जुड़ा एक महत्वपूर्ण मुद्दा बताया। उन्होंने कहा, "'रक्स' का विषय पूरी मानवता के लिए महत्वपूर्ण है। यह किसी भी जीवित प्राणी, चाहे वह इंसान हो या जानवर, के खिलाफ होने वाले जघन्य अपराधों के खिलाफ हमारी आवाज है। यह इंसानी मूल्यों के गिरने और समाज में फैली बीमारियों को दर्शाता है।"
उन्होंने कहा, "फिल्म का उद्देश्य लोगों को जागरूक करना, ऐसे अपराधों को रोकने की दिशा में काम करना और अधिक से अधिक लोगों को इस लड़ाई से जोड़ना है। इसके साथ ही पीड़ितों को अपनी बात रखने का अवसर देना और अपराधियों को कड़ा संदेश देना भी फिल्म के उद्देश्यों में शामिल है।"
फिल्म के निर्देशक इकबाल रिजवी और निर्माता मनबीना के साथ काम करने के अनुभव पर मानिनी ने कहा कि उनके साथ काम करना बहुत अच्छा अनुभव रहा। उन्होंने निर्देशक की तारीफ करते हुए कहा, "इतने प्रतिभाशाली और संवेदनशील निर्देशक इकबाल रिजवी के साथ काम करना मेरे लिए खुशी की बात थी।"
निर्माता मनबीना के बारे में उन्होंने कहा, "वह सिर्फ एक बेहतरीन लेखिका ही नहीं, बल्कि एक मजबूत और जमीन से जुड़ी इंसान भी हैं। वह किसी व्यक्ति के बाहरी रूप से आगे जाकर उसे समझने की क्षमता रखती हैं।"
मानिनी डे ने 'कृष', 'फैशन', 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर', 'चेन कुली की मेन कुली' और 'साढ़े सात फेरे' जैसी फिल्मों में काम किया है। इसके अलावा, वह 'रोमिल एंड जुगल', 'अभय', 'कोल्ड लस्सी और चिकन मसाला', 'मेड इन हेवन', 'द जेंगाबुरू कर्स' और 'कैंपस बीट्स' जैसी वेब सीरीज में भी नजर आ चुकी हैं।