क्या है 'कांतारा: चैप्टर 1' के सेट पर गुलशन देवैया का मजेदार पल?
गुलशन देवैया ने साझा की बीटीएस तस्वीर
मुंबई, 10 अप्रैल। बॉलीवुड और साउथ फिल्म इंडस्ट्री के सितारे अक्सर अपने फैंस के साथ फिल्म सेट से जुड़ी खास तस्वीरें साझा करते हैं। ये बिहाइंड-द-सीन (बीटीएस) मोमेंट्स न केवल फिल्म की मेहनत को दर्शाते हैं, बल्कि कलाकारों के बीच की दोस्ती और मस्ती भरे रिश्तों की झलक भी देते हैं। इसी क्रम में, अभिनेता गुलशन देवैया ने शुक्रवार को इंस्टाग्राम पर अपनी आगामी फिल्म 'कांतारा: चैप्टर 1' के सेट से एक मजेदार तस्वीर साझा की।
तस्वीर में, गुलशन देवैया अपने सह-कलाकारों के साथ पानी में खड़े नजर आ रहे हैं। सभी कलाकार अपने-अपने किरदारों के कॉस्ट्यूम में दिखाई दे रहे हैं और कैमरे के सामने पोज देते हुए दिख रहे हैं।
गुलशन ने इस फोटो के साथ एक छोटा, लेकिन मजेदार कैप्शन लिखा, जिसमें उन्होंने कहा, 'काम के नहीं ये दोस्त! 'कांतारा: चैप्टर 1' से कट किए गए सीन का बीटीएस पल।'
फिल्म 'कांतारा: चैप्टर 1' एक महाकाव्य और एक्शन से भरपूर ड्रामा है, जिसे ऋषभ शेट्टी ने निर्देशित किया है। खास बात यह है कि ऋषभ इस फिल्म में चार महत्वपूर्ण किरदार निभा रहे हैं, जिनमें बर्मे, मयकारा, अन्नप्पा और काडुबेट्टू शिवा शामिल हैं। यह फिल्म पहले आई 'कांतारा' का प्रीक्वल है, जिसमें परंपरा, आस्था और पुराने संघर्षों की गहराई को दर्शाया गया है।
इस फिल्म में जयराम, रुक्मिणी वसंत और गुलशन देवैया जैसे कलाकार महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।
गुलशन देवैया के करियर की बात करें, तो वे उन कलाकारों में से हैं जिन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई है। वे 'शैतान', 'हेट स्टोरी' और 'हंटर' जैसी फिल्मों में अपने बेहतरीन अभिनय के लिए जाने जाते हैं।
इसके अलावा, उन्होंने कई चर्चित वेब सीरीज में भी काम किया है, जैसे 'अफसोस', 'दुरंगा', 'दहाड़', 'गन्स एंड गुलाब' और 'बैड कॉप्स', जहां हर प्रोजेक्ट में उनका अलग अंदाज देखने को मिलता है।
हाल ही में, वे ओटीटी शो 'परफेक्ट फैमिली' में नजर आए, जिसे पंकज त्रिपाठी ने प्रोड्यूस किया। इस शो में नेहा धूपिया, मनोज पाहवा, सीमा पाहवा और गिरिजा ओक जैसे कलाकार भी शामिल हैं।