क्या है 'कट्टालन' की कहानी? एंटनी वर्गीस की नई फिल्म 28 मई को होगी रिलीज!
मलयालम सिनेमा की नई पेशकश 'कट्टालन'
चेन्नई, 23 मई। पैन इंडिया फिल्मों के प्रति दर्शकों का उत्साह हमेशा देखने लायक होता है। इसी क्रम में, मलयालम फिल्म उद्योग से एक और बड़ी फिल्म 'कट्टालन' दर्शकों के सामने आने के लिए तैयार है। अभिनेता एंटनी वर्गीस, जिन्हें 'पेपे' के नाम से जाना जाता है, की इस बहुप्रतीक्षित फिल्म ने हाल ही में काफी चर्चा बटोरी है।
फिल्म को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) से 'ए' सर्टिफिकेट मिल चुका है, जिससे इसकी चर्चा और भी बढ़ गई है।
फिल्म निर्माण कंपनी क्यूब एंटरटेनमेंट्स ने इंस्टाग्राम पर इसकी आधिकारिक घोषणा की है। उन्होंने लिखा, 'एक बड़े शिकार के लिए तैयार हो जाइए, 'कट्टालन' अब रिलीज के लिए पूरी तरह तैयार है और यह फिल्म 28 मई को दुनियाभर के सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी।'
सोशल मीडिया पर इस पोस्ट के सामने आते ही फैंस में फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ गई है।
फिल्म की एक खास बात यह है कि एंटनी वर्गीस अपने असली नाम का ही किरदार निभा रहे हैं। फिल्म में उनका नाम 'एंटनी वर्गीस' होगा, जबकि फिल्म इंडस्ट्री में उन्हें 'पेपे' के नाम से जाना जाता है। यह नाम उन्हें उनकी सुपरहिट फिल्म 'अंगामली डायरीज' से मिला था।
इस फिल्म में कई प्रमुख कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। तेलुगु अभिनेता सुनील 'मारी' का किरदार निभा रहे हैं, जबकि तमिल अभिनेत्री दुशारा विजयन 'लूसी' के रोल में दिखाई देंगी। अभिनेता कबीर दुहान सिंह 'एडी' और पार्थ तिवारी 'रॉबी' के किरदार में नजर आएंगे।
इसके अलावा, 'पुष्पा' जैसी बड़ी फिल्म में अपने अभिनय से पहचान बनाने वाले राज तिरंदासु भी इस फिल्म का हिस्सा हैं, जहां वह 'मारी 95' नाम का किरदार निभाएंगे।
फिल्म के संगीत को लेकर भी काफी चर्चा हो रही है। पहले खबर थी कि इसका संगीत 'कांतारा 2' के प्रसिद्ध संगीतकार अजनीश लोकनाथ तैयार करेंगे, लेकिन बाद में निर्माताओं ने रवि बसरूर को फिल्म से जोड़ लिया। रवि बसरूर ने 'केजीएफ' जैसी फिल्मों में अपने दमदार बैकग्राउंड म्यूजिक से दर्शकों को रोमांचित किया है। ऐसे में फैंस को 'कट्टालन' के संगीत से भी काफी उम्मीदें हैं।