क्या 'रामायण: पार्ट 1' बनेगा ऑस्कर का दावेदार? नीतीश भारद्वाज ने किया खुलासा
नीतीश भारद्वाज का ट्रेलर पर रिएक्शन
मुंबई, 30 जुलाई। भारतीय टेलीविजन के प्रसिद्ध कृष्ण, नीतीश भारद्वाज ने नितेश तिवारी की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'रामायण: पार्ट 1' के ट्रेलर पर अपनी राय साझा की। उन्होंने इंस्टाग्राम पर फिल्म की पूरी टीम को बधाई दी, और उनका यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
एक्टर, डायरेक्टर और लेखक नीतीश ने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में कहा, "मेरे अनुसार 'रामायण' का ट्रेलर 100 फीसदी ऑस्कर के लिए बेस्ट फॉरेन कैटेगरी में दावेदार है। मैं निर्माता नमित मल्होत्रा को बधाई देना चाहता हूं। सत्यजीत राय और शेखर कपूर के बाद, नितेश तिवारी भारतीय सिनेमा को एक नया तोहफा दे रहे हैं। इस फिल्म का प्रोडक्शन डिजाइन और कैमरा वर्क इतना बेहतरीन है कि इसके लिए दस अवॉर्ड मिलने चाहिए। फिल्म में वीएफएक्स और एआई का उपयोग कर एक अद्भुत पीरियड क्रिएशन तैयार किया गया है।"
नीतीश ने महान संगीतकार हांस जिमर का भी धन्यवाद किया, यह कहते हुए कि "एआर रहमान और हांस जिमर के संगीत ने ट्रेलर को और भी भव्य बना दिया है।"
कलाकारों की बात करते हुए, उन्होंने रणबीर कपूर और यश की जमकर तारीफ की। उन्होंने लिखा, "रणबीर अब रणवीर के साथ अगले धुरंधर हैं। यश, आपका ग्लोबल सिनेमा में स्वागत है।"
नीतीश ने रणबीर कपूर को 'आरके' कहकर संबोधित करते हुए कहा, "मैं हमेशा आपको एक एक्टर के रूप में पसंद करता आया हूं। लेकिन अब आपकी सामाजिक जिम्मेदारी भारत की विरासत, मूल्यों और संस्कृति को बनाए रखने की है। मैं आपसे एक खास अपील करता हूं कि अब और 'एनिमल' जैसी फिल्में मत करो।"
सीता के किरदार में साई पल्लवी के बारे में उन्होंने कहा, "मुझे उम्मीद है कि भारतीय लोग साई पल्लवी को सीता के रूप में अपनाएंगे। मैं फिल्म में मृदंग और मंजीरा की धुन के बीच तुलसीदास की चौपाइयां सुनना चाहता हूं।"
ट्रेलर की बात करें, तो 'रामायण: पार्ट 1' का ट्रेलर 4 मिनट 9 सेकंड लंबा है। इसे गुरुवार सुबह 4:15 बजे ब्रह्म मुहूर्त में रिलीज किया गया, जो भारतीय परंपरा में शुभ समय माना जाता है।
ट्रेलर की शुरुआत यश के किरदार रावण से होती है, जहां वह कहते हैं, 'तुम्हारा नया राजा'। इसके बाद वह घोषणा करते हैं कि देव लोक, पृथ्वी लोक और पाताल लोक में अब एक ही राजा होगा। ट्रेलर में लंका, रावण का पुष्पक विमान और उसकी सत्ता को दर्शाया गया है।
इसके बाद, जब अच्छाई और बुराई का संतुलन बिगड़ता है, तो विष्णु अवतार लेते हैं। रणबीर कपूर भगवान राम के किरदार में घोड़े पर सवार नजर आते हैं।
सीता के रूप में साई पल्लवी ने अपनी सादगी से सबका ध्यान खींचा। ट्रेलर में राम और सीता की शादी के दृश्य भी दिखाए गए हैं।
ट्रेलर में रकुल प्रीत सिंह शूर्पणखा के रूप में नजर आती हैं। हालांकि, हनुमान बने सनी देओल ट्रेलर में नहीं दिखे।
फिल्म का संगीत एआर रहमान और हांस जिमर ने तैयार किया है। जैसे-जैसे कहानी अयोध्या से लंका की ओर बढ़ती है, म्यूजिक भी उसी के साथ तेज होता जाता है।
फिल्म दो भागों में रिलीज होगी, पहला भाग दीपावली 2026 और दूसरा भाग दीपावली 2027 में आएगा।