क्या अकेलेपन से जूझ रही हैं Malavika Mohanan? जानिए उनकी दिल छू लेने वाली कहानी!
मालविका मोहनन का दिल छू लेने वाला अनुभव
मुंबई, 22 अप्रैल। साउथ फिल्म इंडस्ट्री की मशहूर अदाकारा मालविका मोहनन अक्सर अपनी फिल्मों और स्टाइलिश लुक्स के लिए चर्चा में रहती हैं। हालांकि, इस चमक-दमक के पीछे कई बार कलाकारों को अकेलेपन का सामना करना पड़ता है, जिसके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। हाल ही में, मालविका ने अपने फैंस के साथ एक सच्चाई साझा की, जिसमें उन्होंने बताया कि एक समय ऐसा आया था जब वह मानसिक रूप से काफी टूट गई थीं।
उन्होंने कहा कि परिवार और करीबी लोगों से दूर रहने के कारण वह खुद को बेहद अकेला महसूस करने लगी थीं।
मालविका ने इंस्टाग्राम पर 'आस्क मी एनीथिंग' सेशन के दौरान फैंस के कई व्यक्तिगत और पेशेवर सवालों का जवाब दिया। इसी दौरान एक फैन ने उनसे पूछा कि वह आखिरी बार कब रोई थीं?
इस सवाल का जवाब देते हुए उन्होंने कहा, ''पिछले महीने मैं चेन्नई में काम कर रही थी। वहां मुझे लंबे समय तक रुकना पड़ा। मेरी टीम बहुत अच्छी थी और काम भी ठीक चल रहा था, लेकिन घर और परिवार से दूर रहने के कारण मैं धीरे-धीरे अकेलापन महसूस करने लगी थी।''
उन्होंने आगे कहा, ''दिनभर शूटिंग में व्यस्त रहने के बाद जब मैं रात में अपने होटल के कमरे में लौटती थी, तो वहां मुझसे बात करने वाला कोई नहीं होता था। यही चीज मुझे अंदर से परेशान करने लगी। मैं मानसिक रूप से काफी उदास थी। लगातार अकेले रहने का असर मेरे मन पर पड़ने लगा था, जिसके कारण मुझे रोना आता था।''
अपने अनुभव साझा करने के साथ-साथ, मालविका ने अपने आगामी प्रोजेक्ट्स के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वह इस समय अभिनेता विजय सेतुपति के साथ एक तमिल फिल्म में काम कर रही हैं, जिसका निर्देशन त्यागराजन कुमार राजा कर रहे हैं।
मालविका ने निर्देशक की तारीफ करते हुए कहा कि वह बेहतरीन फिल्म निर्माताओं में से एक हैं। उन्होंने बताया कि इस फिल्म का नाम 'पॉकेट नॉवेल' है और यह इसी साल रिलीज होने वाली है।
उन्होंने कहा, ''इस प्रोजेक्ट को लेकर मैं बेहद उत्साहित हूं और उम्मीद करती हूं कि दर्शकों को यह फिल्म जरूर पसंद आएगी। इस फिल्म पर काम करना मेरे लिए खास अनुभव रहा है।''