कान्स फिल्म फेस्टिवल 2026 में पूजा बत्रा की फिल्म 'इकोज ऑफ अस' ने मचाई धूम!
पूजा बत्रा की फिल्म का कान्स में जलवा
मुंबई, 26 मई। अभिनेत्री पूजा बत्रा की नई फिल्म 'इकोज ऑफ अस' को प्रतिष्ठित 'कान्स फिल्म फेस्टिवल 2026' में प्रदर्शित किया गया है। इस उपलब्धि पर पूजा ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी खुशी व्यक्त की।
उन्होंने इंस्टाग्राम पर कान्स रेड कार्पेट पर अपनी कुछ शानदार तस्वीरें साझा कीं, जिसमें उनकी ग्लैमरस उपस्थिति देखने को मिली। तस्वीरों के साथ, उन्होंने अपनी टीम को प्रोत्साहित करते हुए लिखा, "कान्स फिल्म फेस्टिवल यानी 'के-ए-एन', क्योंकि हम कर सकते हैं। मैं वहां अपनी फिल्म 'इकोज ऑफ अस' और उसकी स्टारकास्ट के साथ एक निर्माता के तौर पर शामिल हुई थी। इस यात्रा में कई अद्भुत यादें बनीं, और मुझे कान्स के मशहूर रेड कार्पेट पर अपने 15 सेकंड का खास पल जीने का मौका मिला।"
पूजा ने आगे कहा, "इस अनुभव से बहुत कुछ सीखने को मिला है। अब अगली बार और बेहतर तरीके से लौटने का समय है।"
उनकी पोस्ट को प्रशंसा मिल रही है, और फैंस इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई दे रहे हैं।
'इकोज ऑफ अस' एक चर्चित शॉर्ट फिल्म है, जो अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में सराही गई है। इसमें यूलिया वंतूर, दीपक तिजोरी और स्पेनिश अभिनेत्री एलेसांद्रा व्हेलन मेरेडिज ने मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं।
यह फिल्म प्रेम और मानवीय संबंधों पर आधारित है, जिसे पूजा ने अपने लॉस एंजेलेस स्थित प्रोडक्शन हाउस 'ग्लोबेलिंक' के तहत प्रोड्यूस किया है। इसका निर्देशन जो राजन ने किया है और इसे पूजा ने एलायंस मीडिया प्राइवेट लिमिटेड के सहयोग से प्रोड्यूस किया है। कान्स जैसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर सराहना मिलने के बाद, यह फिल्म जल्द ही सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है।
20 मिनट की इस इमोशनल ड्रामा ने 80 से अधिक अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार जीते हैं, जिसमें दीपक तिजोरी को बेस्ट एक्टर और यूलिया वंतूर को बेस्ट एक्ट्रेस के कई पुरस्कार मिले हैं।