आर. माधवन ने 'जना नायकन' की लीक पर जताया दुख, फैंस से की अपील
थलपति विजय की फिल्म 'जना नायकन' लीक पर विवाद
मुंबई, 13 अप्रैल। थलपति विजय की नई राजनीतिक एक्शन थ्रिलर 'जना नायकन' रिलीज से पहले लीक होने के कारण चर्चा में है।
फिल्म के एंट्री सीन सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहे हैं, और साउथ सिनेमा के कई सितारे इसका विरोध कर चुके हैं। अब, आर. माधवन, जिन्होंने 'धुरंधर' में अपनी अदाकारी से सभी का दिल जीता है, ने इस मुद्दे पर अपनी राय रखी है।
आर. माधवन, जिन्होंने मणिरत्नम की तमिल फिल्म से अपने करियर की शुरुआत की, भले ही हिंदी सिनेमा में एक बड़ा नाम बन चुके हैं, लेकिन उनकी जड़ें आज भी दक्षिण सिनेमा से जुड़ी हुई हैं। उन्होंने हाल ही में लीक और पाइरेसी के मुद्दे पर दुख व्यक्त किया है। अभिनेता ने सूर्या शिवकुमार के ट्वीट को रीट्वीट करते हुए उनके विचारों का समर्थन किया।
उन्होंने लिखा, "मैं पूरी तरह सहमत हूं, यह बेहद दुखद और चिंताजनक है। लोग इस तरह की हरकतों से कैसे बच निकलते हैं? कृपया इस फिल्म में शामिल सभी लोगों की मेहनत का सम्मान करें। इसे पायरेटेड प्लेटफॉर्म पर देखने से बचें।"
सूर्या शिवकुमार ने भी 'जना नायकन' के समर्थन में ट्वीट किया, जिसमें उन्होंने लोगों से अपील की कि वे ऐसी वीडियो न देखें और न ही शेयर करें। उन्होंने कहा, "यह दिल दहला देने वाला और अन्यायपूर्ण है। पूरी टीम का जुनून इस तरह बर्बाद हो गया। मैं आप सभी से निवेदन करता हूं, कृपया इस फिल्म को न देखें, न शेयर करें और न ही इस पर चर्चा करें। उनके काम का सम्मान करें।"
गौरतलब है कि विजय की 'जना नायकन' लंबे समय से रिलीज का इंतजार कर रही है, क्योंकि सेंसर बोर्ड ने इसे कुछ कारणों से सर्टिफिकेट नहीं दिया है। हालांकि, सेंसर बोर्ड ने फिल्म के सीन्स के लीक होने को अफवाह बताया है। दक्षिण सिनेमा के लोग फिल्म निर्माताओं के समर्थन में खड़े हैं और इस मामले में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।