×

अल्लू अर्जुन के जन्मदिन पर 'राका' का फर्स्ट लुक हुआ जारी, जानें क्या है खास!

अल्लू अर्जुन के 44वें जन्मदिन पर उनकी आगामी फिल्म 'राका' का पहला लुक जारी किया गया है। इस फिल्म में दीपिका पादुकोण भी महत्वपूर्ण भूमिका में हैं। फर्स्ट लुक में अल्लू अर्जुन का नया और रहस्यमय अवतार देखने को मिला है, जिसने फैंस के बीच उत्साह बढ़ा दिया है। जानें इस फिल्म के बारे में और क्या खास है!
 

अल्लू अर्जुन का नया फिल्म लुक




मुंबई, 8 अप्रैल। फिल्म उद्योग में बड़े सितारों के जन्मदिन पर अक्सर महत्वपूर्ण घोषणाएं होती हैं, और इस बार भी कुछ ऐसा ही हुआ। साउथ सिनेमा के मशहूर अभिनेता अल्लू अर्जुन के 44वें जन्मदिन पर उनके प्रशंसकों को एक बड़ा सरप्राइज मिला। उनकी आगामी फिल्म का नाम और पहला लुक अब सामने आ चुका है। इस फिल्म का नाम 'राका' रखा गया है। इस घोषणा के साथ ही सोशल मीडिया पर फैंस के बीच उत्साह का माहौल बन गया है।


फिल्म के निर्माता सन पिक्चर्स, अल्लू अर्जुन और निर्देशक एटली ने मिलकर एक साझा पोस्ट के माध्यम से फिल्म का नाम और पहला लुक जारी किया। इस फिल्म में बॉलीवुड की मशहूर अभिनेत्री दीपिका पादुकोण भी महत्वपूर्ण भूमिका में नजर आएंगी। पोस्ट में कहा गया है कि यह अनुभव सीमाओं से परे होगा।


मेकर्स ने इंस्टाग्राम पर फिल्म का फर्स्ट लुक पोस्टर साझा किया। इसके साथ ही फिल्म के टाइटल का भी खुलासा किया गया। यह पोस्ट कई भाषाओं में जारी किया गया है, जिसमें अंग्रेजी और हिंदी भी शामिल हैं। पोस्ट में लिखा गया है, ''एए22xए6 का नाम अब राका है। खुद को सीमाओं से आगे देखने के लिए तैयार करें।''


इस पोस्ट में अल्लू अर्जुन, एटली और दीपिका पादुकोण को टैग किया गया है।


फर्स्ट लुक की बात करें तो इसमें अल्लू अर्जुन का एक नया और दमदार अवतार देखने को मिल रहा है। तस्वीर में उनका सिर मुंडा हुआ है और चेहरा आधा छिपा हुआ है। उनके चेहरे के सामने किसी जंगली जानवर का पंजा दिखाई दे रहा है। उनका यह लुक बेहद खतरनाक और रहस्यमय प्रतीत हो रहा है।


अल्लू अर्जुन के इस फर्स्ट लुक पोस्टर पर फैंस ने जमकर प्रतिक्रिया दी। एक प्रशंसक ने लिखा, 'जंगल का किंग, पुष्पा उर्फ अल्लू अर्जुन... आग लगा दी'। दूसरे प्रशंसक ने कहा, 'ये लुक नहीं, तूफान है… राका का इंतजार अब और नहीं हो रहा'।


अन्य प्रशंसकों ने लिखा, 'पुष्पा के बाद अब राका… मजा आएगा!', 'अल्लू आप असली वाइल्ड वॉरियर लग रहे हो', 'दीपिका और अल्लू अर्जुन एक साथ? फिल्म ब्लॉकबस्टर होगी पक्का।'


एक अन्य प्रशंसक ने रिलीज डेट जानने की इच्छा जाहिर करते हुए कमेंट में लिखा, 'राका नहीं, ये तो रौद्र अवतार है… रिलीज डेट बता दो।'