परिणीति चोपड़ा का मेकअप हैक: होटल में तैयार होने का आसान तरीका!
परिणीति चोपड़ा का मेकअप टिप
मुंबई, 14 अक्टूबर (वेब वार्ता)। अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा न केवल फिल्मों में बल्कि अपनी व्यक्तिगत जिंदगी की झलकियां भी अपने प्रशंसकों के साथ साझा करती हैं। कभी वह अपनी जिंदगी से जुड़ी बातें साझा करती हैं, तो कभी रोजमर्रा की छोटी-छोटी समस्याओं का समाधान बताती हैं।
हाल ही में, उन्होंने मेकअप करने का एक सरल तरीका साझा किया है, जो खासकर उन लोगों के लिए उपयोगी है, जिन्हें होटल के कमरे में तैयार होना पड़ता है।
परिणीति ने बताया कि अगर होटल के कमरे में रोशनी ठीक नहीं है, तो मेकअप करते समय चेहरे पर सही रोशनी पाने के लिए क्या करना चाहिए। उन्होंने एक वीडियो में अपनी यह ट्रिक साझा की और बताया कि लाइट की दिशा बदलकर मेकअप करना कितना आसान हो सकता है।
वीडियो में, परिणीति बाथरोब पहने होटल के कमरे में मेकअप करती नजर आईं। उन्होंने कहा, 'जब आप होटल के कमरे में मेकअप कर रहे होते हैं और वहां की लाइटिंग सही नहीं होती, तो यह समस्या बन जाती है। मुझे पता है कि मेकअप आर्टिस्ट और अभिनेता भी इस समस्या का सामना करते हैं। कभी-कभी लाइट्स सीधे चेहरे पर पड़ती हैं और सब कुछ खराब दिखने लगता है। ऐसे में आप यह तरीका अपनाएं। लाइट को सीधे चेहरे की ओर रखने के बजाय उसे शीशे की ओर कर दें। इससे शीशे से टकराकर आपके चेहरे पर अच्छी रोशनी पड़ेगी और मेकअप करना आसान हो जाएगा।'
परिणीति ने इस हैक को करके भी दिखाया। उन्होंने कहा, 'लाइट की दिशा बदलने से चेहरे पर सॉफ्ट रोशनी आती है, जिससे मेकअप करते समय चेहरा ज्यादा साफ नजर आता है। यह टिप उन लोगों के लिए भी मददगार हो सकती है, जो काम या घूमने के सिलसिले में अक्सर यात्रा करते हैं। होटल के कमरे में तैयार होते समय सही रोशनी न मिलने की समस्या आम है और ऐसे में यह तरीका काम आ सकता है।'
गौरतलब है कि परिणीति ने हाल ही में नेटफ्लिक्स की मिस्ट्री थ्रिलर सीरीज 'शक: ट्रस्ट नो वन' से वेब सीरीज की दुनिया में कदम रखा है। इसमें उन्होंने एक मां का किरदार निभाया है, जो अपने लापता बच्चे की खोज में है। इसके अलावा, वह इन्वेस्टिगेटिव थ्रिलर 'रिपोर्टिंग लाइव' में भी दिखाई दी हैं, जिसकी कहानी एक पत्रकार और उसके कैमरामैन के इर्द-गिर्द घूमती है, जो रेत खनन माफिया की जांच करते हैं।