×

गायक Stebin Ben ने 'सादगी' के साथ कव्वाली की दुनिया में किया कदम, जानें क्या है खास!

गायक Stebin Ben ने अपने नए गाने 'सादगी' के साथ कव्वाली की दुनिया में कदम रखा है। इस गाने में प्यार, इंतजार और समर्पण जैसी भावनाओं को खूबसूरती से पिरोया गया है। Stebin ने इस अनुभव को सुकून देने वाला बताया है और उम्मीद जताई है कि लोग इस गाने की सच्चाई को महसूस करेंगे। जानें इस गाने की खासियत और इसके पीछे की कहानी।
 

Stebin Ben का नया गीत 'सादगी'




मुंबई, 21 जून। वर्ल्ड म्यूजिक डे के अवसर पर, गायक Stebin Ben ने अपने प्रशंसकों के लिए एक विशेष उपहार पेश किया है। उन्होंने अपने नए गाने 'सादगी' के माध्यम से पहली बार कव्वाली की दुनिया में कदम रखा है। Stebin ने साझा किया कि यह अनुभव उनके लिए न केवल नया था, बल्कि बेहद सुकून देने वाला भी रहा।


Stebin Ben ने कहा, "जब मैंने पहली बार 'सादगी' को सुना, तो मुझे इस गाने से तुरंत जुड़ाव महसूस हुआ। इस गीत की कविता और धुन में एक अनोखी सच्चाई है, जो सीधे दिल तक पहुंचती है। एक कलाकार के रूप में ऐसे गाने बहुत कम मिलते हैं, जिनमें भावनाओं को इतनी ईमानदारी और गहराई से पेश करने का अवसर मिलता है। यही वजह थी कि मैंने इसे अपने दिल के बेहद करीब महसूस किया।"


गायक ने आगे कहा, "'सादगी' गाना भावनाओं का एक सफर है। इस गीत में प्यार, इंतजार, समर्पण और सादगी जैसी भावनाओं को बहुत खूबसूरती से पिरोया गया है। गाने की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह पारंपरिक कव्वाली की आत्मा को बरकरार रखते हुए उसे आधुनिक संगीत के साथ जोड़ता है। इससे पुराने संगीत प्रेमियों को भी अपनापन महसूस होगा और नई पीढ़ी भी इससे आसानी से जुड़ सकेगी।"


Stebin ने कहा, "कव्वाली शैली में काम करना मेरे लिए एक नया अनुभव था। इस तरह के संगीत की अपनी एक अलग मांग और गहराई होती है। ऐसे में इस शैली को समझना और उसकी भावनाओं को सही तरीके से प्रस्तुत करना मेरे लिए चुनौतीपूर्ण भी था। हालांकि मैंने पूरी ईमानदारी से इस गाने को गाया और कोशिश की कि इसकी आत्मा श्रोताओं तक उसी रूप में पहुंचे, जिस रूप में इसे तैयार किया गया है।"


स्टेबिन न केवल इस गाने में आवाज दे रहे हैं, बल्कि इसके म्यूजिक वीडियो में भी नजर आ रहे हैं। वीडियो का निर्देशन अर्जुन मुखर्जी ने किया है। संगीत रईस और जैन-सैम की जोड़ी ने तैयार किया है, जबकि गीत के बोल विक्की नगर ने लिखे हैं। मशहूर शायर सबा अकबराबादी की कालजयी शायरी भी इस गीत में शामिल की गई है।


Stebin ने कहा, "मुझे उम्मीद है कि लोग इस गीत की सच्चाई और भावनाओं को महसूस करेंगे। संगीत तभी सफल होता है जब वह लोगों के दिलों तक पहुंचे और उनकी भावनाओं का हिस्सा बन जाए। मैं चाहता हूं कि 'सादगी' केवल एक गीत बनकर न रह जाए, बल्कि लोगों की जिंदगी के खूबसूरत पलों का हिस्सा बने।"