क्या है टिया बाजपेयी का नया म्यूजिक सिंगल 'नंबर 1'? जानें इस बहु-प्रतिभाशाली कलाकार की कहानी!
टिया बाजपेयी का नया म्यूजिक सिंगल 'नंबर 1'
मुंबई, 16 जुलाई। हॉरर फिल्म 'हॉन्टेड 3डी' से पहचान बनाने वाली टिया बाजपेयी इस समय अपने नए म्यूजिक सिंगल 'नंबर 1' को लेकर सुर्खियों में हैं। इस गाने में उन्होंने न केवल अभिनय किया है, बल्कि इसके बोल भी खुद लिखे हैं।
टिया ने बताया कि यह प्रोजेक्ट उनके लिए बहुत खास है, क्योंकि इसमें वह एक साथ अभिनेत्री, गायिका और गीतकार के रूप में सामने आई हैं।
अपने अनुभव साझा करते हुए टिया ने कहा, ''मेरे लिए एक कलाकार होना कभी भी एक ही क्षेत्र में सीमित रहना नहीं रहा। अभिनय और संगीत दोनों मेरे लिए महत्वपूर्ण हैं। 'नंबर 1' के माध्यम से मुझे इन दोनों को एक साथ लाने का अवसर मिला। गाने के बोल लिखना और फिर लीड एक्ट्रेस के रूप में प्रदर्शन करना बहुत संतोषजनक रहा।''
उन्होंने आगे कहा, ''किसी भी कलाकार के लिए नए रूप में खुद को प्रस्तुत करना सबसे बड़ी चुनौती होती है। मैं खुश हूं कि दर्शक मुझे एक साथ तीन भूमिकाओं में देख रहे हैं। मुझे उम्मीद है कि वे मेरे इस नए अवतार को भी पसंद करेंगे।''
टिया ने गाने की शूटिंग के दौरान एक मजेदार किस्सा भी साझा किया। उन्होंने बताया, ''रेगिस्तान में शूटिंग के दौरान मेरी फरारी रेत में फंस गई थी। प्रोडक्शन टीम ने मेरी फरारी का इस्तेमाल शूटिंग के लिए किया था, इसलिए उसे बाहर निकालना जरूरी था। करीब नौ लोगों ने मिलकर कार को धक्का दिया, तब जाकर वह रेत से बाहर निकली। शायद यह पहली बार था जब किसी फरारी का इस्तेमाल प्रोडक्शन कार के रूप में किया गया।''
'नंबर 1' टिया का पहला म्यूजिक वीडियो है, जिसमें वह लीड रोल में हैं। यह प्रोजेक्ट उनके अभिनय, गायकी और गीत लेखन के सफर में एक नया अध्याय है। इस गाने का आधिकारिक म्यूजिक वीडियो 10 जुलाई को रिलीज हुआ।