क्या है 'जाते हुए लम्हों' का जादू? विशाल मिश्रा ने साझा की दिल की बातें
विशाल मिश्रा का नया गाना 'जाते हुए लम्हों'
मुंबई, 12 जनवरी। सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी की फिल्म 'बॉर्डर 2' के निर्माताओं ने हाल ही में 'घर कब आओगे' के बाद 'जाते हुए लम्हों' का री-क्रिएटेड ऑडियो वर्जन जारी किया है। यह गाना पुराने क्लासिक ट्रैक की भावनाओं और मिठास को बनाए रखते हुए एक नई ऊर्जा के साथ प्रस्तुत किया गया है।
इस गाने को गायक विशाल मिश्रा ने अपनी आवाज दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए बताया कि उनके लिए ‘जाते हुए लम्हों’ एक विशेष और दिल से जुड़ा गाना है। यह ट्रैक प्यार, यादों और विदाई की गहरी भावनाओं को बखूबी व्यक्त करता है, जो सुनने वालों के दिल को छू लेता है। यह केवल एक गाना नहीं है, बल्कि इससे कहीं अधिक है।
विशाल ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें वह ‘जाते हुए लम्हों’ को गुनगुनाते हुए नजर आ रहे हैं। उन्होंने लिखा, "'जाते हुए लम्हों' सिर्फ एक गाना नहीं है, बल्कि प्यार, दर्द और बिछड़ने की एक खूबसूरत याद है, जो हर किसी के दिल से जुड़ी हुई है। यह हम सबके लिए एक खूबसूरत याद है।"
उन्होंने यह भी बताया कि वह इस गाने को किसे समर्पित करते हैं। उन्होंने लिखा, "मैं इसे लेजेंडरी रूप जी और ओरिजिनल के सभी क्रिएटर्स को समर्पित करता हूं और सबसे महत्वपूर्ण बात, उन सभी को जिनके लिए मैं गाता हूं! लव यू।”
‘जाते हुए लम्हों’ गाना 1997 की क्लासिक फिल्म ‘बॉर्डर’ के आइकॉनिक ट्रैक का नया वर्जन है। इस नए संस्करण में विशाल मिश्रा की मधुर आवाज के साथ मूल गायक रूप कुमार राठौड़ की भावपूर्ण आवाज भी शामिल की गई है। संगीत की जिम्मेदारी मिथुन ने संभाली है, जिन्होंने पहले भी ‘घर कब आओगे’ जैसे यादगार गाने पर अपनी प्रतिभा का जादू बिखेरा।
'बॉर्डर 2' में सनी देओल, वरुण धवन, अहान शेट्टी और दिलजीत दोसांझ के साथ मोना सिंह, सोनम बाजवा, आन्या सिंह और मेधा राणा भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं। इस फिल्म का निर्देशन अनुराग सिंह ने किया है और इसे भूषण कुमार, कृष्ण कुमार, जेपी दत्ता और निधि दत्ता द्वारा प्रोड्यूस किया गया है। फिल्म 23 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।