क्या है 'आरी आरी' गाने की कहानी? जानें बॉम्बे रॉकर्स से लेकर धुरंधर तक का सफर!
गाने का इतिहास और रीमेक की कहानी
मुंबई, 21 मार्च। पुराने गाने आज भी लोगों के दिलों में एक खास स्थान रखते हैं। आज भी लोग इन्हें उतने ही प्यार से सुनते हैं और इनके रीमिक्स वर्जन भी तेजी से लोकप्रिय हो रहे हैं। हाल ही में रिलीज हुई फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' का गाना 'आरी आरी' सोशल मीडिया पर छाया हुआ है।
कम ही लोग जानते हैं कि यह गाना एक पुराना हिट है। हम आपको 'आरी आरी' के पीछे की कहानी और इसे 'धुरंधर' में फिर से रिकॉर्ड करने के पीछे की दिलचस्प बातें बताएंगे।
यह गाना सबसे पहले डेनमार्क में बने इंडो-डेनिश पॉप बैंड 'बॉम्बे रॉकर्स' द्वारा गाया गया था। यह बैंड 2003 में स्थापित हुआ और पंजाबी लोक संगीत को वेस्टर्न पॉप और हिप-हॉप के साथ मिलाकर अनोखे गाने बनाता था। बैंड के प्रमुख सदस्य नवतेज सिंह रहेल, जिन्हें नाफ के नाम से जाना जाता है, ने कॉलेज के दिनों में प्रोड्यूसर थॉमस सार्डॉर्फ और जीनस से मुलाकात की और साथ में जैमिंग शुरू की।
नवतेज सिंह ने पहले इंजीनियरिंग की पढ़ाई की, लेकिन संगीत के प्रति उनके जुनून ने उन्हें इस क्षेत्र में करियर बनाने के लिए प्रेरित किया। बैंड ने पंजाबी गाने 'मुंडिया तो बचके रही' से प्रेरित होकर अपनी पहली एल्बम 'रॉक द पार्टी' जारी की और इसके बाद 'आरी आरी' को पेश किया। 'बॉम्बे रॉकर्स' ने 2000 के दशक में वैश्विक स्तर पर लोकप्रियता हासिल की।
फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' में इस गाने को नए अंदाज में पेश किया गया है। इसे सुधीर यदुवंशी, खान साब, जैस्मीन सैंडलास और नवतेज सिंह ने गाया है, जबकि शाश्वत सचदेव ने इसे नए वर्जन में तैयार किया है। गाने के बोल इरशाद कामिल और बॉम्बे रॉकर्स ने लिखे हैं।
हाल ही में, गायक सुधीर यदुवंशी ने बताया कि गाने का पहला कट केवल 15 मिनट में रिकॉर्ड हुआ था। उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर एक पॉडकास्ट क्लिप साझा की, जिसमें उन्होंने कहा, "5 बजे मुझे टीम से कॉल आया कि तुरंत आदित्य धर सर के घर जाना है। हमने पहले ही गाने का रिफरेंस रिकॉर्ड कर लिया था।"
बॉम्बे रॉकर्स ने इंडी पॉप का एक नया दौर शुरू किया, जिसमें पंजाबी लिरिक्स और वेस्टर्न बीट्स का फ्यूजन लोगों को भाता था। हालांकि, जैसे-जैसे बॉलीवुड म्यूजिक का दबदबा बढ़ा, ये बैंड धीरे-धीरे बैकग्राउंड में चला गया। लेकिन निर्देशक आदित्य धर ने अपनी फिल्म के साथ बॉम्बे रॉकर्स को फिर से लाकर 'आरी आरी' जैसे गाने को नए अंदाज में जीवंत किया।
'धुरंधर: द रिवेंज' के साथ यह गाना फिर से धूम मचा रहा है और ट्रेंड सेट कर रहा है।