×

क्या आप जानते हैं 'सेनोरिटा' गाने की रिकॉर्डिंग के पीछे का राज? शंकर महादेवन ने किया खुलासा!

शंकर महादेवन ने फिल्म 'जिंदगी ना मिलेगी दोबारा' के गाने 'सेनोरिटा' की रिकॉर्डिंग के दौरान अभय देओल की घबराहट का एक दिलचस्प किस्सा साझा किया है। उन्होंने बताया कि कैसे अभय को बिना बताए उनकी फाइनल रिकॉर्डिंग कर ली गई थी। महादेवन ने गाने की शुरुआत और इसके विकास की कहानी भी साझा की, जिसमें जावेद अख्तर का योगदान शामिल है। जानें इस गाने के पीछे की पूरी कहानी और कैसे यह एक यादगार ट्रैक बना!
 

शंकर महादेवन का दिलचस्प किस्सा


मुंबई, 15 जुलाई। प्रसिद्ध संगीतकार और गायक शंकर महादेवन ने फिल्म 'जिंदगी ना मिलेगी दोबारा' के मशहूर गाने 'सेनोरिटा' से जुड़ा एक अनोखा किस्सा साझा किया है। इस गाने की रिकॉर्डिंग के 15 साल पूरे होने के अवसर पर उन्होंने बताया कि अभिनेता अभय देओल इतनी घबराए हुए थे कि उनकी बिना जानकारी में ही फाइनल टेक रिकॉर्ड कर लिया गया था।


महादेवन ने कहा, ''शुरुआत में 'सेनोरिटा' को केवल एक सिचुएशनल गाने के रूप में तैयार किया जा रहा था। फिल्म के एक दृश्य में, जहां तीन दोस्त थोड़े नशे में होते हैं और स्पेन के एक गांव से गुजरते हुए वहां बज रहे लोकल म्यूजिक पर थिरकने लगते हैं। इस दौरान भारतीय अंदाज की जुगलबंदी का तड़का भी लगाया गया। यही इस गाने की शुरुआत थी।''


उन्होंने आगे बताया, ''जैसे-जैसे गाने पर काम बढ़ा, संगीतकार एहसान और लॉय को यह एहसास हुआ कि यह गाना कुछ खास बनने वाला है। इसके बाद उन्होंने गाने की धुन और खासकर इसके हुक लाइन पर काफी मेहनत की। पहले एक धुन बनाई गई, फिर दूसरी और अंत में दोनों का मिक्सअप तैयार किया गया। इसी दौरान गीतकार जावेद अख्तर ने 'सेनोरिटा' शब्द सुझाया, जिसने इस गाने को एक अलग पहचान दी।''


महादेवन ने कहा, "जब गाना तैयार होने लगा, तो हमने तय किया कि इसे फिल्म के तीनों मुख्य कलाकार – ऋतिक रोशन, फरहान अख्तर और अभय देओल – की आवाज में रिकॉर्ड किया जाएगा। फरहान पहले से ही अच्छे गायक हैं, इसलिए उनके लिए यह आसान था। वहीं, ऋतिक की गायकी से भी मैं परिचित था। ऋतिक ने मुझे अपनी फिल्म 'गुजारिश' का गाना 'व्हाट अ ब्यूटीफुल वर्ल्ड' सुनाया था, जिससे मुझे लगा कि उनकी आवाज इस गाने के लिए बिल्कुल सही रहेगी।"


महादेवन ने बताया, ''हालांकि सबसे बड़ी चुनौती अभय देओल थे। अभय माइक्रोफोन के सामने आने को लेकर काफी घबराए हुए थे और उन्हें विश्वास नहीं था कि वह गा पाएंगे। वह रिकॉर्डिंग के लिए तैयार नहीं हो रहे थे। तब मैंने उन्हें एक अलग तरीके से मनाने का फैसला किया। मैंने अभय से कहा कि वह स्टूडियो सिर्फ रिहर्सल के लिए आएं। अगर अभ्यास अच्छा रहा, तो बाद में असली रिकॉर्डिंग की जाएगी।''


महादेवन ने कहा, ''स्टूडियो पहुंचने के बाद मैंने उन्हें सिर्फ इतना कहा कि मैं जो गाऊं, वही मेरे पीछे-पीछे दोहराते जाओ। अभय को पूरा भरोसा था कि यह सिर्फ अभ्यास है, इसलिए उन्होंने बिना किसी दबाव के गाना गाया। लेकिन असल में उसी दौरान उनकी फाइनल रिकॉर्डिंग की जा रही थी।''


महादेवन ने बताया कि जब अभय रिकॉर्डिंग बूथ से बाहर आए, तो उन्होंने कहा कि काम पूरा हो गया है। यह सुनकर अभय ने हैरानी से पूछा कि असली रिकॉर्डिंग के लिए उन्हें दोबारा कब आना होगा। तब महादेवन ने मुस्कुराते हुए कहा कि रिकॉर्डिंग तो पहले ही हो चुकी है और अब उन्हें तैयार गाने में अपनी आवाज सुनने को मिलेगी। यह सुनकर अभय पहले तो चौंक गए, लेकिन बाद में काफी खुश भी हुए।


गौरतलब है कि 'जिंदगी ना मिलेगी दोबारा' का निर्देशन जोया अख्तर ने किया था, जबकि इसे फरहान अख्तर और रितेश सिधवानी ने एक्सेल एंटरटेनमेंट के बैनर तले प्रोड्यूस किया था। फिल्म में ऋतिक रोशन, फरहान अख्तर, अभय देओल, कटरीना कैफ और कल्कि कोचलिन मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे।