भूमि पेडनेकर की नई वेब सीरीज 'दलदल' ने दर्शकों का दिल जीता, जानें क्या कहा अभिनेत्री ने!
भूमि पेडनेकर की नई वेब सीरीज 'दलदल'
मुंबई, 28 फरवरी। अभिनेत्री भूमि पेडनेकर इन दिनों अपनी हालिया रिलीज वेब सीरीज 'दलदल' के कारण चर्चा में हैं। यह सीरीज अमेजन प्राइम वीडियो पर उपलब्ध है, जिसमें भूमि ने एक साहसी और मजबूत पुलिस अधिकारी का किरदार निभाया है।
यह एक मनोवैज्ञानिक क्राइम थ्रिलर है, जो अपनी गहरी कहानी और प्रभावशाली प्रदर्शन के लिए जानी जाती है। भूमि ने शनिवार को इंस्टाग्राम पर 'दलदल' के कुछ बीटीएस वीडियो साझा किए, जिनमें शूटिंग के दौरान के मजेदार और मेहनती क्षणों को दर्शाया गया है। अभिनेत्री ने पोस्ट में लिखा, "सीरीज को रिलीज हुए एक महीना हो गया है। इस दौरान मैंने केवल आभार और प्यार की भावना अनुभव की है।"
भूमि ने आगे कहा कि इन बीटीएस पलों को देखकर उन्हें शूटिंग के दिनों की याद आ गई। उन्होंने लिखा, "इन पलों को देखकर मुझे शूटिंग के दौरान की हलचल, घबराहट, लंबे दिन और कुछ शांत क्षण याद आते हैं, लेकिन सबसे ज्यादा मुझे दर्शकों का प्यार याद आता है जो रिलीज के बाद मिला।"
उन्होंने बताया कि पिछले महीने में उन्होंने फैंस के कई संदेश पढ़े, उनके द्वारा बनाए गए खूबसूरत एडिट देखे, कॉल्स रिसीव किए और हर डायरेक्ट मैसेज को ध्यान से पढ़ा। कई बार तो एक ही संदेश को दो बार भी देखा।
भूमि ने अपने फैंस का दिल से धन्यवाद करते हुए लिखा, "शो को इतना प्यार देने के लिए धन्यवाद। मेरे किरदार को इतनी गर्मजोशी से अपनाने के लिए धन्यवाद। हर फ्रेम में हमने जो मेहनत और ईमानदारी डाली, उसे समझने और सराहने के लिए धन्यवाद।"
अभिनेत्री ने अपनी बात को समाप्त करते हुए कहा कि एक अभिनेत्री के रूप में उनकी हमेशा यही इच्छा रहती है कि उनका काम दर्शकों के दिलों तक पहुंचे। उन्होंने लिखा, "'दलदल' के साथ यह उम्मीद पूरी हुई है और यह सब आपके प्यार और समर्थन के कारण संभव हुआ है।"