नीति मोहन का नया गाना 'माहिया': प्रेम कहानी में प्यार की मिठास!
नीति मोहन का नया रोमांटिक गाना 'माहिया'
मुंबई, 4 सितंबर। प्लेबैक सिंगर नीति मोहन एक बार फिर अपनी मधुर आवाज से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करने के लिए तैयार हैं। उनका नया गाना 'माहिया' जल्द ही आने वाली वेब सीरीज 'द रिवॉल्यूशनरीज' में सुनाई देगा। यह गीत सीरीज की प्रेम कहानी को आगे बढ़ाते हुए मुख्य पात्रों के बीच बढ़ते प्यार और अपनापन को खूबसूरती से दर्शाता है।
'माहिया' में सचिंद्र नाथ सान्याल और प्रतिभा लाहिड़ी के बीच पनपते रोमांस को दिखाया गया है। सचिंद्र नाथ का किरदार रोहित सराफ निभा रहे हैं, जबकि प्रतिभा लाहिड़ी का किरदार प्रतिभा रांटा के द्वारा निभाया जाएगा। गाने में दोनों के बीच बढ़ते रिश्ते और एक-दूसरे के प्रति गहरे एहसास को बखूबी दर्शाया गया है।
यह लव सॉन्ग उस खुशी को व्यक्त करता है, जब जिंदगी में कोई ऐसा व्यक्ति आता है, जो आपके लिए सबसे महत्वपूर्ण बन जाता है। गीत के बोल इस भावना को बार-बार उजागर करते हैं कि प्यार करने वाले के लिए उसकी मोहब्बत ही सब कुछ होती है।
इस गाने का संगीत आकाशदीप सेनगुप्ता ने तैयार किया है, जबकि नीति मोहन और तुषार जोशी ने इसे अपनी आवाज दी है। इसके बोल टोलिया लवराज सिंह और गौरव चक्रवर्ती ने लिखे हैं।
नीति मोहन ने इस गाने के बारे में अपने अनुभव साझा करते हुए कहा, ''माहिया' एक बेहद खूबसूरत और सुकून देने वाला गीत है। मुझे इसकी धुन और बोल में छिपी भावनाएं बहुत पसंद आईं। खासकर यह बात अच्छी लगी कि गाने में शख्स उस महिला की यादों में खोया रहता है, जिससे वह प्यार करता है। वह महिला उसकी हर एहसास में है और गाने के जरिए वह उसे यह बताने की कोशिश करता है कि वह उसके लिए सब कुछ है।''
उन्होंने आगे कहा, ''इस भावना में मुझे एक तरह की सच्चाई और सहजता महसूस होती है। प्यार का यह एहसास बिना किसी दिखावे के बहुत स्वाभाविक तरीके से सामने आता है। तुषार जोशी के साथ इस गीत को गाना मेरे लिए एक अद्भुत अनुभव रहा। मुझे उम्मीद है कि श्रोता गाने की रोमांटिक धुन को पसंद करेंगे और इसे सुनते हुए जिंदगी के खूबसूरत प्यार भरे पल भी याद आएंगे।''
'द रिवॉल्यूशनरीज' की कहानी सच्ची घटनाओं से प्रेरित है और इसमें भारत की आजादी की लड़ाई की उन कहानियों को उजागर किया गया है, जिनके बारे में कम चर्चा हुई है। यह सीरीज संजीव सान्याल की प्रसिद्ध किताब 'रिवॉल्यूशनरीज: द अदर स्टोरी ऑफ हाउ इंडिया वॉन इट्स फ्रीडम' पर आधारित है। सीरीज की कहानी संजुक्ता चावला शेख, अक्षिता वाधवाना, शोभित नारंग और रुत्वी मेहता ने लिखी है।
इस सीरीज में रोहित सराफ और प्रतिभा रांटा के अलावा भुवन बाम और गुरफतेह पीरजादा भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। इसके अलावा जेसन शाह, पाओली डैम और तोता रॉय चौधरी भी महत्वपूर्ण किरदार निभा रहे हैं।
'द रिवॉल्यूशनरीज' का निर्देशन और निर्माण निखिल आडवाणी ने किया है। इसे मोनिशा आडवाणी और मधु भोजवानी ने एम्मे एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनाया है। यह सीरीज 11 सितंबर को प्राइम वीडियो पर रिलीज होने वाली है।