×

नसीरुद्दीन शाह ने जेआरडी टाटा का किरदार निभाने को बताया एक बड़ी जिम्मेदारी

नसीरुद्दीन शाह ने हाल ही में 'मेड इन इंडिया: ए टाइटन स्टोरी' में जेआरडी टाटा का किरदार निभाया है, जिसे दर्शकों ने सराहा है। उन्होंने इस भूमिका को केवल अभिनय नहीं, बल्कि एक जिम्मेदारी माना है। शाह ने टाटा की सादगी और संयम की प्रशंसा की और अपने को-स्टार जिम सर्भ की सुनने की कला की भी तारीफ की। जानें इस बायोपिक के बारे में और नसीरुद्दीन शाह के विचारों के बारे में।
 

नसीरुद्दीन शाह की नई बायोपिक में जेआरडी टाटा का किरदार




मुंबई, 15 जून। ओटीटी प्लेटफॉर्म पर बायोपिक का चलन तेजी से बढ़ रहा है। इसी क्रम में 'मेड इन इंडिया: ए टाइटन स्टोरी' नामक सीरीज में भारत के प्रसिद्ध उद्योगपति जेआरडी टाटा के जीवन को दर्शाया गया है। इस सीरीज में नसीरुद्दीन शाह ने जेआरडी टाटा का किरदार निभाया है, जिसे दर्शकों और समीक्षकों से काफी सराहना मिली है।


इस अनुभव के बारे में नसीरुद्दीन शाह ने कहा कि यह किरदार उनके लिए केवल एक अभिनय नहीं, बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी थी।


उन्होंने कहा, ''जेआरडी टाटा एक ऐसे व्यक्ति थे जिनकी सबसे बड़ी विशेषता उनका संयम और सादगी थी। वह हमेशा शांत और संतुलित रहते थे। यह बात मुझे सबसे अधिक प्रभावित करती है कि इतने बड़े उद्योगपति होने के बावजूद उन्होंने अपने व्यक्तित्व को कभी प्रचार का हिस्सा नहीं बनने दिया।''


अभिनेता ने आगे कहा, ''जेआरडी टाटा को समझना और उन्हें पर्दे पर निभाना मेरे लिए आसान नहीं था। मैंने अपने लंबे करियर में कई किरदार निभाए हैं, लेकिन यह भूमिका विशेष और जिम्मेदारी भरी थी, क्योंकि वह भारत के इतिहास का एक महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इसलिए मैंने इस भूमिका को निभाते समय काफी ध्यान और गंभीरता से काम किया।''


नसीरुद्दीन शाह ने कहा, ''मुझे खुशी है कि मैं इस प्रोजेक्ट का हिस्सा बना। मुझे एक ऐसे इंसान को समझने का मौका मिला, जिनकी सोच और व्यक्तित्व आज भी लोगों के लिए प्रेरणा हैं। ऐसे किरदार कलाकार को भीतर से बदल देते हैं, क्योंकि इसमें केवल अभिनय नहीं, बल्कि गहराई से समझने की आवश्यकता होती है।''


उन्होंने अपने को-स्टार जिम सर्भ की तारीफ करते हुए कहा, ''उनकी सबसे बड़ी खूबी यह है कि वे दूसरे कलाकार को ध्यान से सुनते हैं। यह गुण बहुत कम कलाकारों में देखने को मिलता है, लेकिन अभिनय में यह बेहद आवश्यक होता है। जब कोई अभिनेता अपने साथी कलाकार की बात और भाव को समझता है, तभी दृश्य अधिक प्रभावशाली बनता है।''


नसीरुद्दीन शाह ने आगे कहा, ''जिम सर्भ थिएटर से आते हैं, और इसी कारण उनकी अभिनय शैली में गहराई और गंभीरता दिखाई देती है। थिएटर का अनुभव कलाकार को अनुशासन और समझ देता है, जो कैमरे के सामने बहुत काम आता है। खासकर जब कहानी जटिल और भावनात्मक हो, तो ऐसे कलाकार पूरी कहानी को जीवंत बना देते हैं।''


'मेड इन इंडिया: ए टाइटन स्टोरी' सीरीज अमेजन एमएक्स प्लेयर पर उपलब्ध है।