×

क्या है 'स्कैम 2010' की कहानी? जानें इस नई सीरीज के बारे में जो दिखाएगी कारोबारी साम्राज्य का सच!

'स्कैम 2010' एक नई ओटीटी श्रृंखला है जो एक बड़े कारोबारी साम्राज्य की कहानी को दर्शाएगी। इस श्रृंखला का निर्देशन हंसल मेहता कर रहे हैं, जो पहले 'स्कैम 1992' की सफलता के लिए जाने जाते हैं। मुख्य भूमिका में सिद्धार्थ बोडके हैं, जो अपने किरदार की जटिलता को लेकर उत्साहित हैं। जानें इस नई श्रृंखला के बारे में और इसके पीछे की कहानी।
 

भारत के कारोबारी साम्राज्य की कहानी 'स्कैम 2010'




मुंबई, 12 अगस्त। भारतीय ओटीटी प्लेटफॉर्म पर 'स्कैम' श्रृंखला ने अपनी एक विशेष पहचान बनाई है। 2020 में रिलीज हुई 'स्कैम 1992' ने शेयर बाजार और हर्षद मेहता की कहानी को जिस अनोखे तरीके से प्रस्तुत किया, उसने दर्शकों के दिलों में एक खास स्थान बना लिया।


अब इस श्रृंखला का अगला भाग 'स्कैम 2010' आ रहा है, जो एक बड़े कारोबारी साम्राज्य के निर्माण, उसकी महत्वाकांक्षा और सफलता के बीच के अहंकार पर केंद्रित होगा। इस बार नेशनल अवॉर्ड विजेता निर्देशक हंसल मेहता इस परियोजना का निर्देशन कर रहे हैं।


हंसल मेहता ने इस सीरीज के बारे में कई महत्वपूर्ण बातें साझा की हैं। उन्होंने कहा, "यह श्रृंखला केवल कारोबारी सफलता की कहानी नहीं है, बल्कि यह महत्वाकांक्षा, शक्ति, प्रभाव और सफलता के बाद के अहंकार को समझने की कोशिश करती है। यह दिखाएगी कि जब किसी व्यक्ति को अपनी बनाई दुनिया पर अत्यधिक विश्वास हो जाता है, तो परिस्थितियाँ कैसे बदल सकती हैं।"


'स्कैम 2010' में मुख्य भूमिका सिद्धार्थ बोडके निभा रहे हैं। उन्होंने अपने किरदार के बारे में उत्साह व्यक्त करते हुए कहा कि इस भूमिका की सबसे खास बात इसका जटिल व्यक्तित्व है। इस किरदार में जुनून, ताकत, कमजोरियाँ, सफलता और अंततः पतन जैसे कई पहलू शामिल हैं, जिससे इसे निभाना उनके लिए एक दिलचस्प अनुभव रहा।


सिद्धार्थ ने कहा, "मेरे किरदार का व्यक्तित्व मुझे सबसे ज्यादा प्रभावित करता है। इसे निभाना मेरे लिए बहुत रोमांचक था। हंसल मेहता जैसे निर्देशक के मार्गदर्शन में इस तरह के जटिल किरदार को निभाना मेरे लिए एक अद्भुत अनुभव रहा।"


अप्लॉज एंटरटेनमेंट के चीफ कंटेंट ऑफिसर दीपक सहगल ने 'स्कैम' श्रृंखला के बारे में कंपनी की दृष्टि और जिम्मेदारी के बारे में बताया। उन्होंने कहा, "स्कैम अब हमारे लिए सिर्फ एक श्रृंखला नहीं रह गई है। इसकी सफलता के साथ एक बड़ी जिम्मेदारी आती है, क्योंकि हम जानते हैं कि दर्शकों की हमसे कितनी उम्मीदें हैं। 'स्कैम 1992' उस समय आई जब भारत का स्ट्रीमिंग सिस्टम अपनी पहचान बना रहा था। इसके बाद यह सबसे पसंदीदा और सांस्कृतिक रूप से प्रभावशाली श्रृंखलाओं में से एक बन गई।"


दीपक ने कहा, "'स्कैम 1992' की सफलता ने हमें एक साधारण लेकिन मजबूत विचार पर आधारित एंथोलॉजी बनाने का विश्वास दिलाया। भारत का इतिहास ऐसी असाधारण कहानियों से भरा हुआ है, जहां महत्वाकांक्षा, पैसा, शक्ति और मानव स्वभाव एक-दूसरे से टकराते हैं। 'स्कैम 2010' के साथ हम इस महत्वाकांक्षा को और आगे बढ़ा रहे हैं।"


दीपक सहगल ने हंसल मेहता की वापसी को श्रृंखला के लिए महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा, "हंसल शुरुआत से ही 'स्कैम' की पहचान का एक महत्वपूर्ण हिस्सा रहे हैं। वह जटिल वास्तविक घटनाओं को आम लोगों की भावनाओं और व्यक्तिगत संघर्षों से जोड़कर पेश करने में माहिर हैं। यही कारण है कि उनकी वापसी से 'स्कैम 2010' के प्रति उम्मीदें और बढ़ गई हैं।"


फिलहाल, 'स्कैम 2010' की शूटिंग जारी है। इस श्रृंखला का निर्माण बिड़ला स्टूडियोज और अप्लॉज एंटरटेनमेंट द्वारा किया जा रहा है और इसे जल्द ही सोनी लिव पर स्ट्रीम किया जाएगा।