×

क्या है 'सतरंगी- बदले का खेल' की कहानी? जानें इस नए शो के बारे में

ओटीटी प्लेटफॉर्म पर जल्द ही आने वाला शो 'सतरंगी- बदले का खेल' उत्तर प्रदेश के ग्रामीण परिवेश में स्थापित है। यह शो बबलू महतो नामक पात्र के माध्यम से समाज में मौजूद पूर्वाग्रहों और भेदभाव को उजागर करता है। अभिनेता अंशुमान पुष्कर और अभिनेत्री महवश ने अपने अनुभव साझा किए हैं, जो इस शो को और भी खास बनाते हैं। जानें इस अनोखी कहानी के बारे में और कैसे यह दर्शकों को प्रभावित करेगी।
 

नया शो 'सतरंगी- बदले का खेल'




मुंबई, 31 मार्च। ओटीटी प्लेटफॉर्म पर अब ऐसी कहानियों की मांग बढ़ रही है जो केवल मनोरंजन तक सीमित न हों, बल्कि समाज के अनदेखे पहलुओं को भी उजागर करें। इसी दिशा में एक नया शो 'सतरंगी- बदले का खेल' चर्चा का विषय बना हुआ है। यह शो उत्तर प्रदेश के ग्रामीण परिवेश में स्थापित है, जहां परंपराएं और सामाजिक मान्यताएं लोगों के जीवन को प्रभावित करती हैं।


कहानी का केंद्र बबलू महतो नामक पात्र है, जिसे अभिनेता अंशुमान पुष्कर ने निभाया है। बबलू एक लौंडा डांसर के बेटे के रूप में बड़ा होता है और परिस्थितियों के चलते उसे अपने पिता के पेशे को अपनाना पड़ता है। यह पेशा समाज में अक्सर नकारात्मक दृष्टिकोण से देखा जाता है, जिससे बबलू को कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता है।


इस किरदार के माध्यम से शो समाज में मौजूद पूर्वाग्रहों और भेदभाव को उजागर करता है। बबलू का जीवन एक ऐसे व्यक्ति की कहानी है जो अपनी पहचान, सम्मान और स्थान के लिए संघर्ष करता है। उसके जीवन में रिश्तों की जटिलताएं, समाज का दबाव और अंदर ही अंदर पल रहा गुस्सा कहानी को और भी गहराई प्रदान करता है।


अभिनेत्री महवश भी इस शो में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने इसे अपने करियर का एक नया और अलग अनुभव बताया। महवश ने कहा, "इस शो का टोन बहुत वास्तविक और गंभीर है, जिसने मुझे अपने कम्फर्ट जोन से बाहर निकलकर काम करने का अवसर दिया। इस किरदार ने मुझे एक कलाकार के रूप में खुद को और बेहतर समझने का मौका दिया है।"


महवश ने आगे कहा, "इस तरह की कहानी में काम करना मेरे लिए बहुत संतोषजनक रहा। इस शो के जरिए मैंने अपने अभिनय के नए पहलुओं को खोजा और सीखा।"


वहीं, अंशुमान पुष्कर ने अपने किरदार के बारे में कहा, "यह मेरे लिए एक खास अनुभव रहा। लौंडा डांसर की दुनिया को अक्सर लोग गलत समझते हैं और उसे कमतर आंकते हैं। ऐसे में इस किरदार को ईमानदारी से निभाना मेरे लिए एक बड़ी जिम्मेदारी थी।"


उन्होंने कहा, "मुझे इस किरदार को अंदर से महसूस करना पड़ा, तभी एक सच्चा और वास्तविक प्रदर्शन सामने आया। इस तरह की अनोखी कहानी में मुख्य भूमिका निभाना मेरे करियर के सबसे यादगार अनुभवों में से एक है।"


'सतरंगी - बदले का खेल' जल्द ही ओटीटी प्लेटफॉर्म जी5 पर स्ट्रीम होगा।