×

क्या है 'राख' वेब सीरीज की कहानी? जानें सोनाली बेंद्रे और अली फजल के किरदारों के बारे में!

ओटीटी प्लेटफॉर्म पर आने वाली नई वेब सीरीज 'राख' का ट्रेलर हाल ही में जारी किया गया है, जिसमें सोनाली बेंद्रे और अली फजल जैसे सितारे नजर आएंगे। यह सीरीज एक गंभीर अपराध और उसके परिणामों पर आधारित है, जिसमें परिवारों के टूटने और सच्चाई की खोज की कहानी दिखाई गई है। सोनाली ने इसे अपने करियर का सबसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट बताया है, जबकि अली ने इसकी भावनात्मक गहराई की सराहना की है। जानें इस थ्रिलर की और भी खासियतें और कब होगी इसकी रिलीज!
 

वेब सीरीज 'राख' का ट्रेलर हुआ रिलीज


मुंबई, 1 जून। ओटीटी प्लेटफॉर्म पर नई वेब सीरीज 'राख' की चर्चा तेजी से बढ़ रही है। सोमवार को इस सीरीज का ट्रेलर जारी किया गया, जिसने तुरंत दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। ट्रेलर में एक गंभीर अपराध, टूटते परिवार और सच की खोज में लगे किरदारों की झलक देखने को मिली है। इस सीरीज में सोनाली बेंद्रे 'मोना अरोड़ा' का किरदार निभा रही हैं, जिसे उन्होंने अपने करियर का सबसे महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट बताया।


सोनाली बेंद्रे ने कहा, ''इस सीरीज की सबसे बड़ी विशेषता इसकी गहराई और भावनात्मक जटिलता है। पहली नजर में यह एक थ्रिलर लगती है, लेकिन इसके केंद्र में इंसानी भावनाओं और रिश्तों की संवेदनशील कहानी छिपी हुई है। इसने मुझे एक अभिनेत्री के रूप में उन भावनाओं को प्रदर्शित करने का अवसर दिया, जिन्हें मैंने पहले कभी नहीं दिखाया।''


अपने किरदार के बारे में बात करते हुए सोनाली ने कहा, ''मोना अरोड़ा एक ऐसी महिला है, जिसमें कमजोरी और ताकत दोनों हैं। वह परिस्थितियों से टूटती भी है और उनका सामना भी करती है। इस किरदार को निभाना मेरे लिए एक संतोषजनक अनुभव रहा।''


उन्होंने निर्देशक प्रोसित रॉय और लेखक-निर्देशक अनुषा नंदकुमार और संदीप साकेत की भी सराहना की। सोनाली ने कहा, ''पूरी टीम ने कहानी को ईमानदारी से पर्दे पर उतारा है। मुझे उम्मीद है कि दर्शक भी इस कहानी से भावनात्मक रूप से जुड़ेंगे।''


वहीं, सीरीज में एसआई जयप्रकाश का किरदार निभा रहे अली फजल ने कहा, ''शुरुआत में मुझे लगा कि 'राख' एक साधारण क्राइम थ्रिलर होगी। लेकिन जब मैंने स्क्रिप्ट पढ़ी, तो मैं इसकी कहानी से प्रभावित हो गया। इसमें भावनात्मक गहराई, वास्तविकता और रहस्य का बेहतरीन मिश्रण है। यह केवल अपराध की जांच की कहानी नहीं है, बल्कि हर किरदार के मन और सोच को समझने की कोशिश करती है।''


अली फजल ने अपने किरदार जयप्रकाश के बारे में बताया, ''वह एक शांत स्वभाव का पुलिस इंस्पेक्टर है। वह कम बोलता है और हर चीज को गहराई से समझने की कोशिश करता है। मुझे इस किरदार के मानसिक संघर्ष को समझने में बहुत मजा आया। जयप्रकाश एक ऐसा व्यक्ति है, जो अपनी कमियों और चुनौतियों के बावजूद खुद को साबित करने की कोशिश करता है।''


सीरीज में लेफ्टिनेंट कर्नल अशोक अरोड़ा का किरदार निभा रहे आमिर बशीर ने भी 'राख' को अपने करियर का सबसे चुनौतीपूर्ण प्रोजेक्ट बताया। उन्होंने कहा, ''यह एक गहरी कहानी है, जो कई परतों में खुलती है। मेरा किरदार एक मजबूत व्यक्ति का है, जिसकी जिंदगी एक दर्दनाक घटना के बाद पूरी तरह बदल गई है। इस किरदार को निभाना मेरे लिए भावनात्मक रूप से बहुत कठिन रहा।''


'राख' में सोनाली बेंद्रे, अली फजल और आमिर बशीर के अलावा आकाश मखीजा, रामदीप यादव, दिव्या शर्मा, विवान शर्मा, अंशुल चौहान, राकेश बेदी और दिव्येंदु भट्टाचार्य भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।


यह सीरीज 12 जून को प्राइम वीडियो पर भारत सहित 240 से अधिक देशों में रिलीज की जाएगी।