क्या है 'मेड इन इंडिया: अ टाइटन स्टोरी' की खासियत? नमिता दुबे ने किया खुलासा
नमिता दुबे की नई वेब सीरीज पर चर्चा
मुंबई, 8 जून। हाल ही में प्रदर्शित हुई वेब सीरीज 'मेड इन इंडिया: अ टाइटन स्टोरी' को दर्शकों से बेहतरीन प्रतिक्रिया मिल रही है। इस सीरीज में अभिनेत्री नमिता दुबे ने जेआरडी टाटा को आधुनिक भारत के प्रमुख निर्माताओं में से एक बताया।
उन्होंने कहा कि जेआरडी टाटा का योगदान देश के विकास और उद्योग के निर्माण में अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है। शो के प्रमोशन के दौरान, नमिता ने मीडिया से बातचीत की, जिसमें उनके सह-कलाकार जिम सर्भ और वैभव तत्वावादी भी शामिल थे।
अभिनेत्री ने शो के बारे में बात करते हुए कहा, “मुझे आश्चर्य है कि यह कहानी अब तक लोगों के सामने क्यों नहीं आई। जब मैंने पूरी कास्ट के साथ बैठकर स्क्रिप्ट पढ़ी, तो मेरे मन में यही ख्याल आया। मुझे लगा कि यह एक ऐसी कहानी है, जिसके बारे में भारत में बहुत कम लोग जानते हैं।”
उन्होंने आगे बताया कि स्क्रिप्ट पढ़ने के बाद वह इस कहानी से पूरी तरह जुड़ गईं। इसे जानने और समझने की उनकी इच्छा और भी बढ़ गई। नमिता ने कहा कि उन्हें जेआरडी टाटा के जीवन और उनके योगदान के बारे में कुछ जानकारी थी, लेकिन स्क्रिप्ट पढ़ने के बाद उनके व्यक्तित्व और उपलब्धियों की गहराई को और बेहतर तरीके से समझ पाईं।
नमिता ने कहा, “इस कहानी का हिस्सा बनने में मुझे कोई संकोच नहीं था। मुझे खुशी है कि दर्शक इस शो को देखेंगे और जानेंगे कि जरक्सीस देसाई कौन थे। सच कहूं तो मुझे भी पहले उनके जीवन के सफर और योगदान के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं थी। इस किरदार के माध्यम से मुझे उनके व्यक्तित्व और उपलब्धियों को करीब से समझने का अवसर मिला।”
इस शो में नमिता के साथ नसीरुद्दीन शाह, लक्षवीर सरन, और कावेरी सेठ भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं।
यह सीरीज 'मेक इन इंडिया' की भावना को भी दर्शाती है, जिसका उद्देश्य भारत को वैश्विक स्तर पर डिजाइन और मैन्युफैक्चरिंग का प्रमुख केंद्र बनाना है।
यह सीरीज अमेजन एमएक्स प्लेयर पर स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध है।