×

क्या है 'मां का सम' की कहानी? जानें इस नई वेब सीरीज के बारे में

ओटीटी प्लेटफॉर्म पर नई वेब सीरीज 'मां का सम' का ट्रेलर जारी किया गया है, जिसमें मां और बेटे के रिश्ते को अनोखे तरीके से दर्शाया गया है। मोना सिंह और मिहिर आहूजा की मुख्य भूमिकाओं में नजर आने वाली इस सीरीज में अगस्त्य, अपनी मां के लिए एक परफेक्ट पार्टनर खोजने की कोशिश करता है। यह कहानी हंसी और भावनाओं का बेहतरीन मिश्रण है, जो दर्शकों को एक सच्ची और जुड़ी हुई कहानी का अनुभव कराएगी। जानें और क्या खास है इस सीरीज में!
 

वेब सीरीज 'मां का सम' का अनोखा सफर

मुंबई, 27 मार्च। ओटीटी प्लेटफॉर्म पर इन दिनों ऐसी कहानियों की मांग तेजी से बढ़ रही है, जो रिश्तों की गहराई, भावनाओं और हल्के-फुल्के हास्य का समावेश करती हैं। इसी क्रम में एक नई वेब सीरीज 'मां का सम' चर्चा का विषय बनी हुई है, जिसमें मां और बेटे के रिश्ते को एक अनोखे तरीके से प्रस्तुत किया गया है। इस सीरीज में मोना सिंह मुख्य भूमिका में नजर आएंगी और इसका ट्रेलर भी जारी किया जा चुका है।

ट्रेलर की शुरुआत 19 वर्षीय अगस्त्य से होती है, जिसका किरदार मिहिर आहूजा ने निभाया है। अगस्त्य एक गणित का जीनियस है, जो हर चीज को फार्मूला और लॉजिक के माध्यम से समझता है। उसका मानना है कि 'गणित और प्यार, दोनों एक ही समीकरण हैं।' इसी सोच के साथ, वह अपनी मां की जिंदगी को बेहतर बनाने के लिए एक अनोखा मिशन 'प्रोजेक्ट मॉम' शुरू करता है, जिसमें वह अपनी सिंगल मदर विनिता (मोना सिंह) के लिए एक आदर्श साथी खोजने की कोशिश करता है।

ट्रेलर में आगे दिखाया गया है कि अगस्त्य अपनी योजना और लॉजिक के साथ अपनी मां के लिए रिश्ते खोजने की कोशिश करता है। वह गणित के सवालों की तरह विभिन्न लोगों का मूल्यांकन करता है, उनके व्यवहार और स्वभाव को समझने का प्रयास करता है। लेकिन जैसे-जैसे कहानी आगे बढ़ती है, यह स्पष्ट हो जाता है कि प्यार को किसी फार्मूले में नहीं बांधा जा सकता। इस दौरान कई मजेदार और भावनात्मक क्षण सामने आते हैं, जहां अगस्त्य की सारी योजनाएं धीरे-धीरे उलझ जाती हैं और जिंदगी उसे नए सबक सिखाती है।

मोना सिंह ने अपने किरदार विनिता के बारे में कहा, ''यह भूमिका मेरे लिए बेहद खास है, क्योंकि मैंने पहले कभी ऐसा किरदार नहीं निभाया। विनिता एक ऐसी महिला है, जो अपने बेटे के साथ दोस्ताना रिश्ता रखती है, जिसमें भरोसा, प्यार और समझदारी होती है। इस कहानी में मां का अपने बेटे पर विश्वास और बेटे का अपनी मां के लिए कुछ अच्छा करने का जज्बा बहुत खूबसूरती से दर्शाया गया है।''

मोना ने आगे कहा, ''इस सीरीज में मेरा किरदार अपनी भावनाओं को खुलकर जीता है। वह दोबारा प्यार पर विश्वास करने की कोशिश करती है और अपने बेटे के अनोखे दृष्टिकोण को समझने का प्रयास करती है। यह कहानी हंसी और भावनाओं के बीच एक बेहतरीन संतुलन बनाती है और दर्शकों को एक सच्ची और जुड़ी हुई कहानी का अनुभव कराती है।''

वहीं, मिहिर आहूजा ने अपने किरदार अगस्त्य के बारे में कहा, ''बाहर से वह जितना समझदार और आत्मविश्वासी दिखता है, अंदर से वह उतना ही भावुक बेटा है। वह अपनी मां से बहुत प्यार करता है और चाहता है कि उसकी मां खुश रहे। यही वजह है कि वह अपने तरीके से उनकी जिंदगी में खुशियां लाने की कोशिश करता है। मां-बेटे के बीच की दोस्ती और अपनापन इस कहानी की सबसे बड़ी ताकत है।''

यह सीरीज प्राइम वीडियो पर 3 अप्रैल से स्ट्रीम होगी।