क्या है 'मां का सम' की कहानी? जानें इस दिलचस्प वेब सीरीज के बारे में!
मां-बेटे के रिश्ते की अनोखी कहानी
मुंबई, 27 मार्च। ओटीटी प्लेटफॉर्म पर इन दिनों ऐसी कहानियों की मांग तेजी से बढ़ रही है, जिनमें रिश्तों की गहराई, भावनाएं और हल्का-फुल्का ह्यूमर एक साथ देखने को मिले। इसी क्रम में एक नई वेब सीरीज 'मां का सम' काफी चर्चा में है, जिसमें मां और बेटे के रिश्ते को एक अनोखे तरीके से पेश किया गया है। इस सीरीज में मोना सिंह मुख्य भूमिका में नजर आएंगी और इसका ट्रेलर भी जारी हो चुका है।
ट्रेलर की शुरुआत 19 वर्षीय अगस्त्य से होती है, जिसका किरदार मिहिर आहूजा ने निभाया है। वह गणित का जीनियस है और हर चीज को फार्मूला और लॉजिक से समझता है। उसका कहना है, 'मैथ्स हो या प्यार, दोनों एक ही इक्वेशन हैं।' इसी सोच के साथ, वह अपनी मां की जिंदगी को बेहतर बनाने के लिए एक अनोखा मिशन 'प्रोजेक्ट मॉम' शुरू करता है, जिसमें वह अपनी सिंगल मदर विनिता (मोना सिंह) के लिए एक परफेक्ट पार्टनर खोजता है।
ट्रेलर में आगे दिखाया गया है कि अगस्त्य पूरी योजना और लॉजिक के साथ अपनी मां के लिए रिश्ते खोजने की कोशिश करता है। वह मैथ्स के सवालों की तरह विभिन्न लोगों का मूल्यांकन करता है, उनके व्यवहार और स्वभाव को समझने का प्रयास करता है। लेकिन जैसे-जैसे कहानी आगे बढ़ती है, यह स्पष्ट हो जाता है कि प्यार को किसी फार्मूले में नहीं बांधा जा सकता। इस दौरान कई मजेदार और भावनात्मक पल सामने आते हैं, जहां अगस्त्य की सारी योजनाएं धीरे-धीरे उलझ जाती हैं और जिंदगी उसे नए सबक सिखाती है।
मोना सिंह ने अपने किरदार विनिता के बारे में कहा, ''यह रोल मेरे लिए बेहद खास है, क्योंकि ऐसा किरदार मैंने पहले कभी नहीं निभाया। विनिता एक ऐसी महिला है जो अपने बेटे के साथ दोस्त की तरह रिश्ता रखती है, जिसमें भरोसा, प्यार और समझदारी होती है। इस कहानी में एक मां का अपने बेटे पर भरोसा और बेटे का अपनी मां के लिए कुछ अच्छा करने का जज्बा बहुत खूबसूरती से दिखाया गया है।''
उन्होंने आगे कहा, ''इस सीरीज में मेरा किरदार अपनी भावनाओं को खुलकर जीता है। वह दोबारा प्यार पर भरोसा करने की कोशिश करती है और अपने बेटे के अनोखे नजरिए को भी समझने का प्रयास करती है। यह कहानी हंसी और इमोशन के बीच बहुत अच्छा संतुलन बनाती है और दर्शकों को एक सच्ची और जुड़ी हुई कहानी का एहसास कराती है।''
वहीं, मिहिर आहूजा ने अपने किरदार अगस्त्य के बारे में कहा, ''बाहर से वह जितना समझदार और आत्मविश्वासी दिखता है, अंदर से वह उतना ही भावुक बेटा है। वह अपनी मां से बहुत प्यार करता है और चाहता है कि उसकी मां खुश रहे। यही वजह है कि वह अपने तरीके से उनकी जिंदगी में खुशियां लाने की कोशिश करता है। मां-बेटे के बीच की दोस्ती और अपनापन इस कहानी की सबसे बड़ी ताकत है।''
यह सीरीज प्राइम वीडियो पर 3 अप्रैल से स्ट्रीम होगी।