×

क्या है 'द पिरामिड स्कीम' की कहानी? जानें इस वेब सीरीज के ट्रेलर में छिपे राज़!

वेब सीरीज 'द पिरामिड स्कीम' का ट्रेलर हाल ही में लॉन्च हुआ है, जिसमें अभिनेता परमवीर सिंह चीमा, रणवीर शौरी और शेखर सुमन की प्रमुख भूमिकाएं हैं। यह सीरीज नेटवर्क मार्केटिंग के नाम पर होने वाले धोखाधड़ी के मामलों और जल्दी अमीर बनने के लालच की सच्चाई को उजागर करती है। ट्रेलर में दिखाया गया है कि कैसे मुख्य पात्र एक पिरामिड मार्केटिंग कंपनी के जाल में फंस जाते हैं। जानें इस सीरीज के बारे में और इसके कलाकारों की राय।
 

वेब सीरीज 'द पिरामिड स्कीम' का ट्रेलर लॉन्च




मुंबई, 29 मई। अभिनेता परमवीर सिंह चीमा, रणवीर शौरी और शेखर सुमन की मुख्य भूमिका वाली वेब सीरीज 'द पिरामिड स्कीम' का ट्रेलर शुक्रवार को जारी किया गया। यह सीरीज नेटवर्क मार्केटिंग या मल्टी-लेवल मार्केटिंग के नाम पर होने वाले धोखाधड़ी के मामलों और लोगों को जल्दी अमीर बनने के लालच की सच्चाई को उजागर करती है।


ट्रेलर, जो 2 मिनट 42 सेकंड लंबा है, में जल्दी पैसे कमाने की चाहत, ऊंची महत्वाकांक्षाएं, और पिरामिड स्कीम जैसे धोखाधड़ी वाले व्यवसायों की दुनिया को दर्शाया गया है।


यह ट्रेलर दर्शकों को एक ऐसी दुनिया में ले जाता है, जहां चमक-दमक और अमीरी के बड़े-बड़े सपने दिखाए जाते हैं। इसमें गोल्डी (परमवीर सिंह चीमा) और मनोज श्रीवास्तव (रणवीर शौरी) की कहानी को पेश किया गया है। दोनों की मंजिलें अलग हैं, लेकिन वे एक पिरामिड मार्केटिंग कंपनी के जाल में फंस जाते हैं, जो उन्हें जल्दी पैसा, सम्मान और सफलता का लालच देती है।


शुरुआत में सब कुछ आसान और आकर्षक लगता है, लेकिन जैसे-जैसे गोल्डी और मनोज सफलता की सीढ़ियां चढ़ते हैं, उनके सामने नई चुनौतियां और मुश्किलें आती हैं। यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या यह कंपनी उनके सपनों को पूरा करती है या उन्हें बड़ी परेशानियों में डाल देती है।


परमवीर सिंह चीमा ने गोल्डी के किरदार के बारे में कहा, "गोल्डी एक ऐसा किरदार है, जो मेरे द्वारा निभाए गए सभी किरदारों से अलग है। वह हरिद्वार से है और उस जगह का प्रभाव उसके व्यक्तित्व में साफ झलकता है। टीवीएफ के साथ काम करने से यह किरदार और भी वास्तविक और विश्वसनीय लगा।"


रणवीर शौरी ने अपने किरदार के बारे में कहा, "जब मैंने स्क्रिप्ट पढ़ी और अपने किरदार के बारे में जाना, तो मैं तुरंत उसकी ओर आकर्षित हुआ। यह कहानी सिर्फ पिरामिड स्कीम पर नहीं, बल्कि उन आम लोगों की भी है, जो अपने जीवन में सम्मान और बेहतर भविष्य की तलाश में मुश्किल हालात में फंस जाते हैं।"


शेखर सुमन ने अपने किरदार के बारे में कहा, "इस सीरीज में मेरा किरदार उन सभी से बिल्कुल अलग है, जो मैंने पहले निभाए हैं। यही बात मेरे इस किरदार को सबसे ज्यादा आकर्षित करती है।"


इस सीरीज का निर्देशन आशीष आर शुक्ला ने किया है और कहानी अक्षेंद्र मिश्रा ने लिखी है। इसमें अंजन श्रीवास्तव, सुशांत सिंह और स्मिता बंसल जैसे अनुभवी कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।


यह सीरीज 5 जून से भारत और 240 से अधिक देशों में स्ट्रीम होगी।