क्या है जिम सर्भ की नई सीरीज 'मेड इन इंडिया: अ टाइटन स्टोरी' का जादू?
जिम सर्भ की नई ओटीटी सीरीज पर चर्चा
मुंबई, 10 जून। अभिनेता जिम सर्भ इन दिनों अपनी हालिया ओटीटी सीरीज 'मेड इन इंडिया: अ टाइटन स्टोरी' के लिए सुर्खियों में हैं। दर्शकों से मिल रही सकारात्मक प्रतिक्रियाओं के बीच, जिम ने कहा कि यह सीरीज एक टाइम मशीन की तरह है, जो दर्शकों को अतीत में ले जाती है।
इस सीरीज में जिम सर्भ ने टाइटन के संस्थापक जेरक्सेस देसाई का किरदार निभाया है। मुंबई में शो के प्रमोशन के दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि इस सीरीज का माहौल और प्रस्तुति दर्शकों को पुरानी यादों में डुबो देती है। शो में शामिल दृश्य, संगीत और कहानी कहने का तरीका दर्शकों को उस समय की दुनिया में ले जाने में सफल रहा है।
अपने सह-कलाकार वैभव तत्ववादी के साथ काम करने के अनुभव को साझा करते हुए, जिम ने बताया कि दोनों की अभिनय शैली में काफी भिन्नता है। उन्होंने कहा कि सीरीज में उनके पात्रों के बीच दोस्ती को दर्शाया गया है, और असल जिंदगी में भी उनके बीच अच्छा तालमेल है। जिम के अनुसार, कई बार ऐसा लगा कि कला जीवन की नकल कर रही है और जीवन कला की, जिससे दोनों कलाकारों के प्रदर्शन में और मजबूती आई।
जिम ने शो के निर्देशक और तकनीकी टीम की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि निर्देशक आदित्य ने सीरीज को खूबसूरती से फिल्माया है और इसकी संपादन भी बेहतरीन है। उन्होंने विशेष रूप से पुराने हिंदी गानों के उपयोग की सराहना की, जिससे शो में एक अलग भावनात्मक और पुरानी यादों वाला माहौल बनता है। यही कारण है कि दर्शक खुद को तुरंत उस दौर से जुड़ा हुआ महसूस करते हैं।
'मेड इन इंडिया: अ टाइटन स्टोरी' में जिम सर्भ के साथ नसीरुद्दीन शाह, लक्षवीर सरन और कावेरी सेठ भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं। यह सीरीज भारत के प्रतिष्ठित टाइटन ब्रांड की स्थापना और उसके पीछे की सोच को दर्शाती है।
शो में जे.आर.डी. टाटा और जेरक्सेस देसाई के उस दृष्टिकोण को दिखाया गया है, जिसने टाइटन को वैश्विक पहचान दिलाई। इसके साथ ही, यह सीरीज 'मेक इन इंडिया' की भावना को भी उजागर करती है, जिसका उद्देश्य भारत को डिजाइन और विनिर्माण के क्षेत्र में एक वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित करना है।
'मेड इन इंडिया: अ टाइटन स्टोरी' वर्तमान में अमेजन एमएक्स प्लेयर पर उपलब्ध है।