क्या है आदर्श गौरव की नई फिल्म 'तू या मैं' की कहानी? जानें ओटीटी की दुनिया पर उनके विचार!
आदर्श गौरव का ओटीटी पर नजरिया
मुंबई, 30 मार्च। फिल्म और वेब सामग्री की दुनिया में तेजी से बदलाव आ रहा है। पहले जहां केवल बड़े पर्दे पर कहानियों को महत्व दिया जाता था, वहीं अब डिजिटल प्लेटफॉर्म ने भी अपनी जगह बना ली है। इस बदलाव पर अभिनेता आदर्श गौरव ने एक इंटरव्यू में अपने विचार साझा किए।
उनकी नई फिल्म 'तू या मैं' जो सिनेमाघरों में रिलीज होने के बाद अब नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होने वाली है, के दौरान उन्होंने ओटीटी की विशेषताओं और चुनौतियों पर खुलकर चर्चा की।
आदर्श गौरव ने कहा, "डिजिटल प्लेटफॉर्म ने कहानी कहने के तरीके को पूरी तरह से बदल दिया है। अब फिल्में और शोज केवल बड़े सेट और भारी बजट तक सीमित नहीं रह गए हैं, बल्कि किरदारों की गहराई और उनकी भावनाओं को भी महत्व दिया जा रहा है। ओटीटी पर कहानियों को खुलकर पेश करने का अवसर मिलता है, क्योंकि यहां किसी निश्चित फॉर्मूले या बड़े पैमाने के दबाव का सामना नहीं करना पड़ता।"
उन्होंने आगे कहा, "हालांकि, डिजिटल दुनिया की अपनी चुनौतियां भी हैं। आज ओटीटी पर बहुत अधिक सामग्री उपलब्ध है, जिससे अलग पहचान बनाना कठिन हो जाता है। हर फिल्म और शो को दर्शकों का ध्यान आकर्षित करने के लिए कुछ नया और अलग करना पड़ता है। इससे कलाकारों और निर्माताओं पर एक अलग तरह का दबाव होता है, जहां उन्हें यह सोचना पड़ता है कि उनका काम दर्शकों को कितना प्रभावित करेगा।"
आदर्श ने कहा, "अब मुझे ऐसी कहानियों का हिस्सा बनने का अवसर मिल रहा है, जो अधिक व्यक्तिगत और किरदारों पर आधारित होती हैं। एक अभिनेता के रूप में मुझे वही कहानियां पसंद हैं, जिनमें दिखावे से ज्यादा सच्चाई हो और जहां किरदारों की भावनाओं को समझने का मौका मिले।"
फिल्म 'तू या मैं' एक सर्वाइवल थ्रिलर है, जिसका निर्देशन बेजॉय नांबियार ने किया है। यह कहानी दो सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक एडवेंचर ट्रिप पर जाते हैं, लेकिन वहां उन्हें जिंदगी और मौत के बीच की खतरनाक स्थिति का सामना करना पड़ता है।
यह फिल्म 13 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और अब 10 अप्रैल को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी।