क्या भारत में 'जो बचे हैं संग समेट लो' की रिलीज होगी? मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स को दिए सख्त निर्देश!
भारत में पाकिस्तानी वेब सीरीज की रिलीज पर संकट
नई दिल्ली, 26 नवंबर। पाकिस्तान की वेब सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' की भारत में रिलीज को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स को निर्देश दिया है कि वह 8 मई 2025 को जारी की गई एडवाइजरी का पालन करे और पाकिस्तान में निर्मित कंटेंट को भारत में उपलब्ध न कराए।
हाल के दिनों में मंत्रालय को कई शिकायतें मिली हैं, जिनमें विशेष रूप से इस सीरीज की रिलीज को लेकर चिंता व्यक्त की गई है।
मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स को उसकी पुरानी एडवाइजरी की याद दिलाते हुए कहा कि कंपनी को इस पर कायम रहना चाहिए और भारत में पाकिस्तानी मूल की वेब सीरीज, फिल्म या अन्य सामग्री उपलब्ध नहीं करानी चाहिए।
नेटफ्लिक्स ने जून 2025 में मंत्रालय को सूचित किया था कि उसने भारत में अपने सब्सक्राइबर्स के लिए कोई पाकिस्तानी फिल्म या सीरीज उपलब्ध नहीं कराई है। मंत्रालय ने अब कंपनी से अनुरोध किया है कि वह इसी रुख को बनाए रखे।
मंत्रालय ने 8 मई 2025 को पहलगाम आतंकी हमले के बाद ओटीटी प्लेटफॉर्म और मीडिया स्ट्रीमिंग सेवाओं के लिए एक एडवाइजरी जारी की थी, जिसमें पाकिस्तान में बने वेब शो, फिल्में, गाने, पॉडकास्ट और अन्य स्ट्रीमिंग कंटेंट को भारत में प्रतिबंधित करने का निर्देश दिया गया था। यह निर्देश सब्सक्रिप्शन और बिना सब्सक्रिप्शन वाले दोनों प्रकार के कंटेंट पर लागू होता है।
इससे पहले ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (एआईसीडब्ल्यूए) ने भी इस सीरीज की भारत में रिलीज रोकने की मांग की थी। संगठन के अध्यक्ष सुरेश श्यामलाल गुप्ता ने प्रधानमंत्री मोदी को पत्र लिखकर सीरीज की स्ट्रीमिंग पर रोक लगाने की अपील की थी, जिसमें पुलवामा, पहलगाम और 2008 के मुंबई आतंकी हमलों का उल्लेख किया गया था।
फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (एफडब्ल्यूआईसीई) ने भी इस मामले में अपनी आपत्ति दर्ज कराई थी। फेडरेशन ने सरकार से सीरीज की प्रस्तावित रिलीज की समीक्षा करने और पहले से जारी निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने की मांग की थी।
'जो बचे हैं संग समेट लो' पाकिस्तान की पहली नेटफ्लिक्स ओरिजिनल सीरीज है, जिसका निर्देशन मोमिना दुरैद ने किया है और इसकी कहानी मशहूर पाकिस्तानी लेखिका फरहत इश्तियाक के उपन्यास पर आधारित है। इस सीरीज में फवाद खान, माहिरा खान, हानिया आमिर, सनम सईद, अहद रजा मीर, इकरा अजीज, हमजा अली अब्बासी, माया अली, बिलाल अशरफ और अहमद अली अकबर जैसे कलाकार शामिल हैं।
नेटफ्लिक्स ने इस सीरीज की रिलीज डेट 4 दिसंबर निर्धारित की है और इसे दुनिया के 191 देशों में रिलीज करने की योजना है। हालांकि, भारत में इसकी स्ट्रीमिंग को लेकर स्थिति अभी स्पष्ट नहीं है।