उर्वशी रौतेला की 'इंस्पेक्टर अविनाश' में नया भावनात्मक मोड़: जानें क्या है खास
उर्वशी रौतेला का नया किरदार
मुंबई (वेब वार्ता)। अभिनेत्री उर्वशी रौतेला इन दिनों अपनी वेब सीरीज ‘इंस्पेक्टर अविनाश’ के दूसरे सीजन को लेकर चर्चा में हैं। इस बार उनका किरदार पहले से अधिक भावनात्मक गहराई लिए हुए है। उर्वशी के अनुसार, इस सीजन में उनके किरदार की सबसे बड़ी ताकत ‘चुप्पी में छिपा संघर्ष’ है। उनके किरदार की बाहरी शांति के पीछे एक गहरा मानसिक संघर्ष छिपा है, जो उसकी मजबूती को दर्शाता है।
उर्वशी ने अपने किरदार पूनम मिश्रा के बारे में बताते हुए कहा, “इस बार मेरा किरदार केवल एक सहायक पत्नी का नहीं है, बल्कि एक ऐसे व्यक्ति का है जो अंदर ही अंदर बहुत कुछ सहन कर रहा है। इस सीजन में मेरे किरदार की मुख्य भावना ‘साइलेंस में सर्वाइवल’ है, यानी ऐसा किरदार जो बिना शोर किए और बिना अपनी भावनाओं को प्रकट किए परिस्थितियों का सामना करता है।”
उन्होंने आगे कहा, “क्राइम ड्रामा में आमतौर पर लोग केवल हिंसा और एक्शन पर ध्यान देते हैं, लेकिन असली कहानी उसके पीछे छिपे डर और अकेलेपन की होती है। मेरे किरदार में भावनात्मक अकेलापन और खुद को सुरक्षित रखने की कोशिश दिखाई देती है। यही कारण है कि इस किरदार को निभाना मेरे लिए एक अनूठा अनुभव रहा है।”
उर्वशी ने कहा, “मुझे इस किरदार में सबसे ज्यादा आकर्षित करने वाले इमोशन्स लगे। वह सोच-समझकर और धैर्य के साथ आगे बढ़ती है। असली ताकत हमेशा जोर से बोलने या लड़ने में नहीं होती, बल्कि कई बार चुप रहकर भी हालात को संभालना सबसे बड़ी ताकत होती है। यही बात इस किरदार को खास बनाती है।”
‘इंस्पेक्टर अविनाश’ का पहला सीजन 2023 में रिलीज हुआ था, जिसमें मुख्य भूमिका अभिनेता रणदीप हुड्डा ने निभाई थी। यह सीरीज एक सच्ची घटना पर आधारित है, जो उत्तर प्रदेश के एक तेज-तर्रार पुलिस अधिकारी अविनाश मिश्रा की कहानी को दर्शाती है, जो राज्य में अपराध को समाप्त करने के लिए प्रयासरत है।
पहले सीजन का निर्देशन नीरज पाठक ने किया था और इसमें कई कलाकारों ने महत्वपूर्ण भूमिकाएं निभाई थीं। ‘इंस्पेक्टर अविनाश 2’ 15 मई से जियो हॉटस्टार पर दर्शकों के लिए उपलब्ध होगा।