×

ईशान खट्टर ने 'द रॉयल्स' के एक साल पूरे होने पर साझा की यादें, फैंस को किया धन्यवाद!

ईशान खट्टर ने अपनी लोकप्रिय सीरीज 'द रॉयल्स' के एक साल पूरे होने पर सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा की। उन्होंने सेट से जुड़ी यादें और अनदेखी तस्वीरें साझा कीं, साथ ही फैंस के प्यार के लिए आभार व्यक्त किया। इस सीरीज ने दर्शकों के बीच एक खास पहचान बनाई थी, और ईशान ने आने वाले समय में और भी रोमांचक चीजें पेश करने का वादा किया।
 

ईशान खट्टर की भावुक पोस्ट




मुंबई, 9 मई। ओटीटी प्लेटफॉर्म पर पिछले कुछ वर्षों में कई सीरीज ने दर्शकों का दिल जीता है। इनमें से एक है 'द रॉयल्स', जिसने अपने लॉन्च के बाद से ही युवाओं के बीच एक खास पहचान बनाई। अब इस सीरीज को एक साल हो गया है। इस अवसर पर अभिनेता ईशान खट्टर ने सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश साझा किया। उन्होंने सीरीज से जुड़ी कई अनदेखी तस्वीरें और वीडियो साझा करते हुए शूटिंग के दिनों की यादें ताजा कीं। साथ ही, उन्होंने अपने फैंस के प्यार और समर्थन के लिए दिल से आभार व्यक्त किया।


ईशान खट्टर ने इंस्टाग्राम पर 'द रॉयल्स' के सेट से जुड़े कई खास लम्हों को साझा किया। इन तस्वीरों और वीडियो में कलाकारों की मस्ती, शूटिंग के दौरान की मेहनत और पूरी टीम के बीच की गहरी दोस्ती स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है। इसके अलावा, इनमें शूटिंग के दौरान की तैयारियां, कठिन सीन और टीम के साथ बिताए गए भावुक पल भी शामिल हैं।


अपने पोस्ट में ईशान ने लिखा, "'द रॉयल्स' को आज एक साल पूरा हो गया है और मुझे अब भी दर्शकों से ढेर सारे संदेश और प्यार भरे नोट मिल रहे हैं। फैंस का यह प्यार मेरे लिए बहुत खास है और यही मुझे आगे और बेहतर काम करने की प्रेरणा देता है। आने वाले समय में दर्शकों को और भी रोमांचक चीजें देखने को मिल सकती हैं।"


'द रॉयल्स' 2025 में नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई थी। इस सीरीज में ईशान खट्टर के साथ भूमि पेडनेकर, जीनत अमान, साक्षी तंवर, नोरा फतेही, विहान समत, डिनो मोरिया और मिलिंद सोमन जैसे कलाकार शामिल थे।


सीरीज की कहानी एक ऐसे शाही परिवार के इर्द-गिर्द घूमती है, जो वित्तीय संकट का सामना कर रहा है। परिवार की किस्मत तब बदलती है, जब राजघराने का वारिस एक होटल व्यवसायी के साथ मिलकर अपने पुराने महल को एक भव्य रिसॉर्ट में बदलने की योजना बनाता है। दर्शकों को इस कहानी में शाही ठाठ-बाट, पारिवारिक रिश्ते और आधुनिक सोच का अनोखा संगम देखने को मिला।