इम्तियाज अली की नई वेब सीरीज 'ओ साथी रे' का रिलीज डेट हुआ घोषित
इम्तियाज अली की 'ओ साथी रे' का इंतजार खत्म
प्रसिद्ध फिल्म निर्देशक इम्तियाज अली की नई वेब सीरीज 'ओ साथी रे' की रिलीज डेट का ऐलान हो गया है। इस रोमांटिक ड्रामा में अदिति राव हैदरी और अर्जुन रामपाल मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे।
4 दिसंबर को नेटफ्लिक्स पर होगी स्ट्रीमिंग
ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स ने इम्तियाज अली के प्रोडक्शन में बनी इस सीरीज का नया पोस्टर साझा किया है, जिसमें इसकी रिलीज डेट की जानकारी दी गई है। मेकर्स ने बताया कि यह सीरीज 4 दिसंबर को नेटफ्लिक्स पर उपलब्ध होगी।
पोस्टर के साथ मेकर्स ने लिखा, "ओ साथी रे, एक अलग हुए कपल की प्रेम कहानी। यह सीरीज अगले महीने नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी।" इस सीरीज का निर्देशन आरिफ अली ने किया है, जबकि कहानी और प्रोडक्शन की जिम्मेदारी इम्तियाज अली ने संभाली है। अदिति और अर्जुन के अलावा, अभिनेता अविनाश तिवारी भी एक महत्वपूर्ण किरदार में नजर आएंगे।
पुराने अहसासों और आधुनिक प्रेम की कहानी
इम्तियाज अली ने अपनी नई सीरीज के बारे में बताते हुए कहा, "ओ साथी रे का मिजाज पुराना है, लेकिन यह आज के समय की एक आधुनिक प्रेम कहानी है। कई बार प्यार आपको चौंका देता है, जब वह किसी अनजानी या अप्रत्याशित जगह पर मिल जाता है। यह कहानी एक ऐसे जोड़े के बीच फिर से पनपते प्यार की है, जो तलाक लेने जा रहा है।"
उन्होंने आगे कहा, "एक परफेक्ट जोड़ी होना कभी-कभी एक बोझ बन जाता है। ओ साथी रे में हम यही देखेंगे। प्यार तड़प, सपनों और साथ रहने का नाम है, लेकिन कई बार इसी प्यार की खातिर आपको सामने वाले को जाने देना पड़ता है। इसके सभी किरदार वास्तविक लगेंगे, क्योंकि हमने बेहतरीन कलाकारों का चयन किया है।"