हनुमान जन्मोत्सव: भक्तों में उमंग और उत्साह का माहौल
हनुमान जन्मोत्सव का जश्न
रांची, 2 अप्रैल। हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर देशभर में भक्तों का उत्साह देखने को मिल रहा है। चैत्र पूर्णिमा के दिन हनुमान जी का जन्मोत्सव मनाया जा रहा है। झारखंड की राजधानी रांची के विभिन्न हनुमान मंदिरों में सुबह से ही भक्त पूजा-अर्चना और दर्शन के लिए जुटे हुए हैं।
एक प्राचीन मंदिर में गोपाल कुमार सोनी ने मीडिया से बातचीत करते हुए सभी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, "हनुमान जन्मोत्सव के इस पावन अवसर पर सभी लोग हनुमान जी का आशीर्वाद लेने आए हैं। हम यही प्रार्थना करते हैं कि हनुमान जी की कृपा सभी पर बनी रहे।"
एक अन्य श्रद्धालु ने कहा, "आज हम उनका जन्मोत्सव मनाते हैं और पूजा करते हैं। हनुमान जी सभी की इच्छाएं पूरी करते हैं।"
एक और भक्त ने कहा, "पूर्णिमा के दिन उनका जन्म हुआ था। मैं अपने परिवार और देशवासियों की खुशहाली की कामना करता हूं। सभी को शुभकामनाएं।"
जोधपुर में भी हनुमान जन्मोत्सव का उत्सव देखने को मिला। रतनाड़ा के शिव मंदिर से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। यात्रा के दौरान सुंदर धार्मिक झांकियां प्रस्तुत की गईं और देश-दुनिया में शांति और समृद्धि के लिए प्रार्थनाएं की गईं।
इस अवसर पर मनीषा पंवार, ओमकार वर्मा और कुंती देवड़ा ने भी अपने विचार साझा किए।
कुंती देवड़ा ने कहा, "हम सभी त्योहारों का स्वागत करते हैं। चाहे वह गणगौर हो या कोई अन्य पर्व। हम यही चाहते हैं कि भारत में शांति और अमन बना रहे। दुनिया में युद्ध की आशंका है। ईरान, इजरायल और अमेरिका जैसे देशों में तनाव है। ऐसे में संकट मोचन हनुमान जी का आशीर्वाद सब पर बना रहे। युद्ध टले और देश-विदेश में शांति बनी रहे।"
ओमकार वर्मा ने भी अपनी बात रखते हुए कहा, "हनुमान जन्मोत्सव की सभी को शुभकामनाएं। हनुमान जी संकच मोचन के नाम से प्रसिद्ध हैं। आज पूरे विश्व में छोटे-बड़े संकट आए हुए हैं। हम राम भक्त हनुमान से प्रार्थना करते हैं कि वे सभी संकट दूर करें।"
मनीषा पंवार ने बताया, "हनुमान जन्मोत्सव की सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। आज शिव मंदिर रतनाड़ा से सर्किट हाउस के प्राचीन मंदिर तक शोभायात्रा निकाली गई। यह यात्रा बहुत ही अच्छे तरीके से निकाली गई। उनकी कृपा हम सब पर बनी रहे।"