सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की फिल्म 'द वन' का टीजर बना हिट, जानें क्या है खास!
फिल्म 'द वन' का टीजर दर्शकों के बीच छाया
मुंबई, 02 सितंबर (वेब वार्ता)। सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की नई फिल्म 'द वन' का टीजर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह पैदा कर रहा है। इस टीजर को अब तक 5.5 करोड़ से अधिक बार देखा जा चुका है और यह सभी भाषाओं में यूट्यूब पर पहले स्थान पर ट्रेंड कर रहा है।
बालाजी मोशन पिक्चर्स द्वारा प्रस्तुत इस टीजर में रहस्यमय, प्राचीन मान्यताओं और अलौकिक शक्तियों की दुनिया की झलक देखने को मिलती है। टीजर में वन देवी की शक्ति को 'अयिगिरी नंदिनी' की धुन के साथ प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत किया गया है। इस फिल्म में पहली बार बड़े पर्दे पर छठ पूजा का भी प्रदर्शन किया जाएगा।
इस फिल्म में सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया पहली बार एक साथ नजर आएंगे। यह फैंटेसी और लोककथा पर आधारित फिल्म रोमांच, रहस्य और हास्य का मिश्रण प्रस्तुत करती है। फिल्म की दुनिया को बड़े पर्दे के अनुभव को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है।
'द वन' के निर्माण में टीवीएफ के अरुणाभ कुमार, निर्देशक दीपक मिश्रा और एकता कपूर शामिल हैं। फिल्म की कहानी और पात्रों को दर्शकों से परिचित कराने के लिए 'द लीजेंड ऑफ वन' नामक कॉमिक बुक भी जारी की जा रही है।
बालाजी टेलीफिल्म्स लिमिटेड की इकाई बालाजी मोशन पिक्चर्स द्वारा निर्मित और टीवीएफ तथा 11.11 प्रोडक्शन के सहयोग से बनी 'द वन' की कहानी अरुणाभ कुमार ने लिखी है, जबकि इसका निर्देशन दीपक मिश्रा ने किया है। मनु आनंद फिल्म के डीओपी और विजुअल डायरेक्टर हैं।
'द वन' 25 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।