सचिन तेंदुलकर ने साझा की आशा भोसले की यादें, 36 साल बाद मिली खास मुलाकात
सचिन तेंदुलकर की दिल छू लेने वाली यादें
मुंबई, 1 जुलाई। भारतीय क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर ने दिवंगत गायिका आशा भोसले के साथ जुड़ी एक खास याद साझा की। उन्होंने बताया कि लगभग 36 साल पहले आशा भोसले ने उन्हें एक ऐसा उपहार दिया था, जिसने उनके संगीत के प्रति दृष्टिकोण को पूरी तरह बदल दिया।
सचिन ने अपने इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें और एक वीडियो साझा किया, जिसमें वह प्रसिद्ध फ्रेंच म्यूजिक ग्रुप 'जिप्सी किंग्स' के सदस्यों के साथ नजर आ रहे हैं। एक तस्वीर में वह ग्रुप के लीड सिंगर निकोलस रेयेस से बातचीत करते हुए दिखाई दे रहे हैं, जबकि अन्य तस्वीरों में सभी कलाकार एक साथ पोज देते हुए दिख रहे हैं।
इन तस्वीरों और वीडियो के साथ सचिन ने लिखा, ''1990 में आशा ताई ने मुझे जिप्सी किंग्स की दो सीडी गिफ्ट की थीं। उन एल्बमों को सुनने के बाद मैं इस ग्रुप का बड़ा प्रशंसक बन गया और वर्षों तक उनके गाने सुनता रहा। लगभग 36 साल बाद, एक दोस्त की समर पार्टी में मेरी मुलाकात इस ग्रुप के सदस्यों से हुई। यह मेरे लिए एक अद्भुत सरप्राइज था।''
सचिन ने अपने पोस्ट के अंत में लिखा, ''जिंदगी में कुछ क्षण ऐसे होते हैं, जिनका इंतजार सालों तक किया जाता है, लेकिन जब वे क्षण सामने आते हैं, तो उस खुशी को शब्दों में नहीं कह सकते।''
आशा भोसले का निधन 12 अप्रैल 2026 को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में हुआ था। उन्होंने मल्टीपल ऑर्गन फेलियर के कारण 92 वर्ष की आयु में अंतिम सांस ली। उनका अंतिम संस्कार मुंबई के शिवाजी पार्क श्मशान घाट में राजकीय सम्मान के साथ किया गया। अंतिम विदाई में फिल्म, संगीत, राजनीति और उद्योग जगत की कई प्रमुख हस्तियां शामिल हुईं।
अपने करियर में आशा भोसले ने कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त किए। वर्ष 2000 में उन्हें भारतीय सिनेमा का सर्वोच्च सम्मान 'दादासाहेब फाल्के पुरस्कार' मिला, जबकि 2008 में उन्हें देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'पद्म विभूषण' से नवाजा गया।