शेरी अग्रवाल का तमिल सिनेमा में डेब्यू: जानें 'साइकिल गैप' के बारे में
शेरी अग्रवाल का नया सफर
मुंबई, 30 अक्टूबर। अभिनेत्री शेरी अग्रवाल अब डायरेक्टर एमआर की फिल्म 'साइकिल गैप' के जरिए तमिल फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखने जा रही हैं। यह फिल्म 1990 के दशक के प्रेम और पुरानी यादों को आज की पीढ़ी की भावनाओं से जोड़ने वाली एक दिल को छू लेने वाली प्रेम कहानी है।
शेरी ने बताया कि यह फिल्म पुराने अनुभवों और आधुनिक प्रेम का एक अद्भुत मिश्रण है। उन्होंने कहा, "एक अभिनेत्री के रूप में, 'साइकिल गैप' में काम करना मेरे लिए एक शानदार और यादगार अनुभव रहा। यह पुरानी यादों और नए जमाने के रोमांस का एक खूबसूरत संगम है। पूरी टीम बहुत सहयोगी थी, और इसी सकारात्मक माहौल के कारण शूटिंग मेरे लिए बेहद मजेदार और सीखने वाला अनुभव बन गई।"
फिल्म से जुड़े सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा, "मैं सच में भविष्य में इस अद्भुत टीम के साथ फिर से काम करना चाहूंगी। मैं प्रोड्यूसर और अभिनेता नवाज, डायरेक्टर एमआर भारती, डीओपी सोलोमन, हेमंत सेल्वराज, एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर सुजा सूर्या नीला और 'साइकिल गैप' की पूरी टीम को ढेर सारी शुभकामनाएं देती हूं। मुझे उम्मीद है कि दर्शक इस फिल्म को उसी प्यार और उत्साह के साथ अपनाएंगे, जिस प्यार से हम सबने इस पर काम किया है।"
यह फिल्म संगीत, रोमांस और आम लोगों की भावनाओं से भरी हुई है, जो दो पीढ़ियों के प्यार को एक साथ लाने का प्रयास करेगी। यह एक ओर अतीत की याद दिलाएगी और दूसरी ओर आज के दर्शकों से भी जुड़ने का प्रयास करेगी। ट्यूबलाइट प्रोडक्शंस द्वारा निर्मित और एमआर भारती द्वारा निर्देशित इस फिल्म में शेरी के साथ प्रोड्यूसर और अभिनेता नवाज मुख्य भूमिका में हैं। इसके अलावा, फिल्म में प्रभु शास्ता भी एक महत्वपूर्ण किरदार में नजर आएंगे।
फिल्म का संगीत नवोदित संगीतकार सतीश पद्मनाभन ने तैयार किया है, और इसके गीतों को नरेश अय्यर, श्रीनिषा जयसीलन और कौशिक श्रीधरन ने गाया है। हालांकि, इस म्यूजिकल लव स्टोरी और पारिवारिक ड्रामा की रिलीज डेट की जानकारी अभी तक सामने नहीं आई है।