राम गोपाल वर्मा ने आदित्य धर की 'धुरंधर' को बताया भारतीय सिनेमा का नया मील का पत्थर!
राम गोपाल वर्मा की 'धुरंधर' पर प्रशंसा
मुंबई, 22 मार्च। फिल्म निर्देशक राम गोपाल वर्मा ने 'धुरंधर' के रिलीज के समय से ही आदित्य धर के काम की सराहना की है।
फिल्म 'धुरंधर: द रिवेंज' की स्क्रीनिंग से पहले ही वर्मा ने इसे साल की सबसे बड़ी फिल्म करार दिया था। अब, वे आदित्य धर से मिलने उनके घर पहुंचे हैं और एक बार फिर उनकी तारीफों के पुल बांधे हैं।
राम गोपाल वर्मा ने आदित्य धर और यामी गौतम के साथ मुलाकात की और इस अवसर की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की। उन्होंने लिखा, "पावर कपल के साथ मुलाकात। फिल्मी हमजा अली, यानी रणवीर सिंह, ने पाकिस्तानी आतंकवादियों का सफाया कर दिया, और असली हमज़ा, यानी आदित्य धर, भारतीय फिल्म निर्माताओं को हिला रहे हैं। आतंकवादी अपनी जान बचाने के लिए भाग सकते हैं, लेकिन फिल्म निर्माता अपनी फिल्मों को उनकी प्रतिभा से बचाने के लिए कहां भागेंगे?"
यह पहली बार नहीं है जब वर्मा ने इस फिल्म की प्रशंसा की है। उन्होंने इसे पहले ही एक ब्लॉकबस्टर बताया था। उनके अनुसार, 'धुरंधर-2' केवल एक फिल्म नहीं है, बल्कि यह भारतीय सिनेमा के लिए एक रीसेट बटन है। उन्होंने हिंदी सिनेमा के निर्माताओं को चेताया है कि 19 मार्च के बाद बनने वाली फिल्मों में बदलाव लाना अनिवार्य है, अन्यथा सिनेमा में टिक पाना मुश्किल होगा।
राम गोपाल वर्मा ने कई बार कहा है कि सिनेमा की रचनात्मकता खत्म होती जा रही है।
यह भी ध्यान देने योग्य है कि आदित्य धर भी राम गोपाल वर्मा के बड़े प्रशंसक हैं और उनकी फिल्म 'रंगीला' से प्रेरित होकर ही उन्होंने सिनेमा में कदम रखा था। उन्होंने वर्मा के साथ काम करने की इच्छा भी जताई है। अब देखना यह है कि ये दोनों दिग्गज मिलकर सिनेमा को नई ऊंचाइयों पर ले जाते हैं।