राजकुमार राव और सान्या मल्होत्रा की नई फिल्म 'टोस्टर' कब होगी स्ट्रीम? जानें सभी डिटेल्स!
फिल्म 'टोस्टर' की रिलीज डेट का खुलासा
मुंबई, 26 मार्च। फिल्म इंडस्ट्री में अब ऐसी कहानियों की मांग बढ़ रही है, जो साधारण विषयों को अनोखे तरीके से प्रस्तुत करती हैं। इसी क्रम में, एक नई फिल्म दर्शकों के समक्ष आने वाली है, जो अपने अनोखे कॉन्सेप्ट के चलते चर्चा का विषय बनी हुई है। दरअसल, अभिनेता राजकुमार राव और सान्या मल्होत्रा की फिल्म 'टोस्टर' की रिलीज डेट का खुलासा हो गया है।
फिल्म के निर्माताओं ने बताया है कि 'टोस्टर' 15 अप्रैल को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी। यह एक डार्क कॉमेडी है, जिसमें हास्य के साथ-साथ अजीब और चौंकाने वाली घटनाएं भी देखने को मिलेंगी। खास बात यह है कि यह राजकुमार राव और उनकी पत्नी पत्रलेखा के प्रोडक्शन हाउस 'कम्पा फिल्म' की पहली पेशकश है।
पत्रलेखा ने इस नई यात्रा के बारे में कहा, ''यह मेरे लिए एक विशेष अनुभव है। नेटफ्लिक्स के साथ इस सफर की शुरुआत करना गर्व की बात है, क्योंकि यह प्लेटफॉर्म हमेशा नई और अनोखी कहानियों को प्रस्तुत करता है। 'टोस्टर' की कहानी मुझे बहुत अलग लगी, क्योंकि इसमें ऐसे क्षणों में भी हास्य दिखाया गया है, जहां आमतौर पर लोग तनाव में होते हैं।''
फिल्म की कहानी में राजकुमार राव एक कंजूस व्यक्ति का किरदार निभा रहे हैं। वह एक शादी में कपल को टोस्टर उपहार में देते हैं, लेकिन जब उन्हें पता चलता है कि शादी टूट गई है, तो वह टोस्टर वापस लेने के लिए उनके घर पहुंच जाते हैं, जहां वह बवाल मचाते हैं। वह टोस्टर वापस पाने के लिए कई उपाय करते हैं।
फिल्म की कास्ट में राजकुमार राव और सान्या मल्होत्रा के अलावा अभिषेक बनर्जी, अर्चना पूरन सिंह, फराह खान, जितेंद्र जोशी, उपेन्द्र लिमये और सीमा पाहवा जैसे कलाकार शामिल हैं। इस फिल्म के निर्देशक विवेक दास चौधरी अपने निर्देशन करियर की शुरुआत कर रहे हैं।
यह फिल्म 15 अप्रैल को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी।