रश्मिका मंदाना का नया गाना 'ओ मैसा रे' हुआ रिलीज, तांडव स्टाइल में दिखीं!
रश्मिका मंदाना की फिल्म 'मैसा' का पहला गाना
मुंबई, 03 नवंबर (वेब वार्ता)। अभिनेत्री रश्मिका मंदाना की नई फिल्म 'मैसा' का पहला गाना 'ओ मैसा रे' अब उपलब्ध है। इस गाने में रश्मिका का दमदार और आक्रामक प्रदर्शन देखने को मिल रहा है। उनका तांडव स्टाइल डांस, शानदार हाव-भाव और बेहतरीन कोरियोग्राफी गाने की खासियत है।
इस गाने को आदिवासी परिवेश में फिल्माया गया है, जहां रश्मिका का एक नया अंदाज देखने को मिलता है। जेक्स बिजॉय ने इस गाने को संगीतबद्ध किया है, जिसमें दमदार बीट्स और आदिवासी संगीत का संगम सुनाई देता है, जो फिल्म के माहौल को और भी प्रभावशाली बनाता है।
फिल्म का टीजर जारी होने के बाद से दर्शकों से सकारात्मक प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं। इसमें रॉ एक्शन, भव्य दृश्य और कहानी का भावनात्मक पहलू दर्शकों का ध्यान आकर्षित कर रहा है। 'मैसा' की कहानी आदिवासी क्षेत्र की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जिसमें पिता और बेटी के रिश्ते को केंद्र में रखा गया है। भारतीय सिनेमा में कई एक्शन फिल्मों में मां-बेटे के रिश्ते को दिखाया गया है, लेकिन यह फिल्म पिता-बेटी के भावनात्मक जुड़ाव को एक्शन के साथ पेश करने का प्रयास करेगी।
अनफॉर्मुला फिल्म्स के बैनर तले बनी इस फिल्म का निर्देशन रवींद्र पुल्ले ने किया है। 'मैसा' एक भावनात्मक एक्शन थ्रिलर के रूप में तैयार की गई है, जिसमें रश्मिका एक मजबूत और निडर किरदार निभा रही हैं। फिल्म में एक्शन के साथ पारिवारिक रिश्तों और आदिवासी संस्कृति की झलक भी देखने को मिलेगी। यह फिल्म 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी।