रणवीर सिंह का नया गाना 'ईजी-ईजी' हुआ रिलीज, जानें क्या है खास!
धुरंधर का नया गाना 'ईजी-ईजी'
मुंबई, 03 दिसंबर (वेब वार्ता)। रणवीर सिंह, आर माधवन, संजय दत्त, अक्षय खन्ना और अर्जुन रामपाल की फिल्म ‘धुरंधर’ का नया गाना ‘ईजी-ईजी’ अब उपलब्ध है।
जैसे ही गाना रिलीज हुआ, यह सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ की आवाज ने इस गाने को और भी आकर्षक बना दिया है। इसे ‘धुरंधर’ का ‘गैंगस्टर एंथम’ कहा जा रहा है।
रणवीर सिंह ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर इस गाने के लॉन्च की जानकारी साझा की। गाने में उनका एक्शन अवतार देखने को मिल रहा है, जिसमें वह दुश्मनों को बंदूक से निशाना बनाते हुए खतरनाक मुस्कान के साथ नजर आ रहे हैं।
गाने में रणवीर के चेहरे पर कई अलग-अलग भावनाएं देखने को मिलती हैं, जो पल-पल बदलती हैं। यह कहना गलत नहीं होगा कि अभिनेता ने अपने किरदार को जीवंत करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है।
इस गैंगस्टर एंथम को दिलजीत दोसांझ और शाश्वत सचदेव ने गाया है, जबकि रैपर हनुमानकाइंड का रैप गाने में जान डाल देता है। गाने के बोल राज रंजोध और हनुमानकाइंड ने लिखे हैं।
फिल्म ‘धुरंधर’ रिलीज से पहले ही विवादों में घिरी हुई है। यह विवाद तब शुरू हुआ जब शहीद मेजर मोहित शर्मा के माता-पिता ने दिल्ली हाई कोर्ट में फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने की याचिका दायर की। हालांकि, कोर्ट ने मामले को सेंसर बोर्ड के पास भेज दिया।
सेंसर बोर्ड ने फिल्म को ‘ए’ सर्टिफिकेट के साथ रिलीज की अनुमति दी है, लेकिन कई कट और बदलाव करने के लिए कहा गया है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि फिल्म का मेजर मोहित शर्मा के जीवन से कोई संबंध नहीं है।
फिल्म पूरी तरह से काल्पनिक है। इसके निर्देशक आदित्य धर ने सोशल मीडिया पर स्पष्ट किया है कि यह फिल्म मेजर मोहित से प्रेरित नहीं है। इस फिल्म को बनाने में आदित्य धर को लगभग 3 साल का समय लगा।
फिल्म की कहानी, रिसर्च, स्टारकास्ट और बजट निर्धारित करने में 2 साल का समय लगा। अब यह फिल्म पर्दे पर रिलीज के लिए तैयार है, और इसकी एडवांस बुकिंग शुरू हो चुकी है। फिल्म 5 दिसंबर को रिलीज होगी।