×

मनोज बाजपेयी की नई फिल्म 'गवर्नर: द साइलेंट सेवियर' में छिपी है एक अनकही कहानी!

मनोज बाजपेयी की आगामी फिल्म 'गवर्नर: द साइलेंट सेवियर' का ट्रेलर हाल ही में रिलीज हुआ है, जिसने दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा दी है। यह फिल्म भारत के आर्थिक संकट के दौर की कहानी को दर्शाती है, जिसमें एक आरबीआई गवर्नर की भूमिका निभाते हुए मनोज ने अपने किरदार को जीवंत बनाने के लिए काफी मेहनत की है। जानें इस फिल्म के बारे में और क्या खास है इसमें!
 

मनोज बाजपेयी की नई फिल्म का ट्रेलर दर्शकों के बीच चर्चा का विषय


मुंबई, 29 मई। अभिनेता मनोज बाजपेयी इन दिनों अपनी आगामी फिल्म 'गवर्नर: द साइलेंट सेवियर' को लेकर सुर्खियों में हैं। फिल्म का ट्रेलर और टीजर रिलीज होने के बाद दर्शकों में इसके प्रति उत्सुकता बढ़ गई है। मनोज ने एक इंटरव्यू में बताया कि यह फिल्म भारत के इतिहास के एक चुनौतीपूर्ण समय की कहानी है। उन्होंने कहा कि इसकी स्क्रिप्ट बेहद प्रभावशाली है और इसमें पहली बार पर्दे के पीछे के नायक की कहानी को दर्शाया जाएगा।


मनोज ने फिल्म के विषय पर चर्चा करते हुए कहा, ''यह एक अनोखी कहानी है, जिसमें एक आरबीआई गवर्नर की भूमिका है, जिसने देश के सबसे कठिन आर्थिक संकट के समय अपने निर्णयों से भारत को बचाया। इस किरदार को जीवंत बनाना मेरे लिए चुनौतीपूर्ण था, क्योंकि असल जीवन में ऐसे लोग आमतौर पर सुर्खियों से दूर रहते हैं। उनका कार्य फाइलों और नीतियों के बीच होता है। ऐसे गंभीर व्यक्तित्व को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करना मेरे लिए एक बड़ी जिम्मेदारी थी।''


उन्होंने आगे कहा, ''किरदार की भाषा और व्यक्तित्व को वास्तविकता के करीब लाने के लिए मुझे काफी मेहनत करनी पड़ी। एक उच्च पदस्थ अधिकारी की हिंदी और बातचीत का लहजा आम लोगों से भिन्न होता है। इसलिए मैंने अपने डिक्शन और डायलॉग डिलीवरी पर विशेष ध्यान दिया। मेरा प्रयास हमेशा यही रहता है कि जिस किरदार को मैं निभा रहा हूं, उसकी भाषा और बॉडी लैंग्वेज पूरी तरह से वास्तविक लगे।''


मनोज ने यह भी कहा, ''किसी भी किरदार को निभाने से पहले मैं उसके सामाजिक और मानसिक परिवेश को समझने की कोशिश करता हूं। एक अभिनेता का काम केवल डायलॉग बोलना नहीं होता, बल्कि उस व्यक्ति की पूरी दुनिया को अपने अंदर महसूस करना होता है। मेरी यही कोशिश रही है कि किरदार पूरी तरह से विश्वसनीय लगे और दर्शक उससे जुड़ाव महसूस करें।''


फिल्म के निर्देशक चिन्मय मांडलेकर के बारे में बात करते हुए मनोज ने कहा, ''वह एक जुनूनी फिल्ममेकर हैं। उनकी सोच बहुत अलग है। इस फिल्म को बनाने में काफी समय लगा, क्योंकि चिन्मय ने इसकी कहानी पर गहराई से काम किया है। वह इसे केवल जानकारी देने वाली फिल्म नहीं, बल्कि भावनात्मक और रोमांचक बनाने की कोशिश में लगे रहे।''


ट्रेलर की शुरुआत में एक आवाज सुनाई देती है, 'देश कंगाल होने वाला है।' यह 1990 का समय है, जब भारत आर्थिक संकट का सामना कर रहा था। ट्रेलर में मनोज का किरदार शांत लेकिन मजबूत दिखाई देता है। उनसे पूछा जाता है कि अगर उन्हें पहले से आर्थिक संकट का अंदाजा था तो उन्होंने इसका समाधान क्या सोचा है।


मनोज का किरदार देश को संकट से बाहर निकालने की योजना बनाता है। ट्रेलर में एक प्रभावशाली डायलॉग सुनाई देता है- 'अगर मैं फेल हुआ तो आरबीआई फेल हो जाएगा, और अगर आरबीआई फेल हुआ तो इंडिया फेल हो जाएगा।'


फिल्म में अभिनेत्री अदा शर्मा भी महत्वपूर्ण भूमिका में नजर आएंगी। 'गवर्नर: द साइलेंट सेवियर' की कहानी सुवेंदु भट्टाचार्य, सौरभ भारत, रवि असरानी और विपुल अमृतलाल शाह ने मिलकर लिखी है। इसका निर्देशन चिन्मय मांडलेकर ने किया है। इसके गीत जावेद अख्तर ने लिखे हैं, जबकि संगीत अमित त्रिवेदी ने दिया है। फिल्म 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।