भोजपुरी सिनेमा की नई पेशकश: 'चटोरी बहू-2' का वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर कब होगा?
फिल्म 'चटोरी बहू-2' का प्रीमियर
मुंबई, 23 अप्रैल। भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री की चर्चित अभिनेत्री अंजना सिंह अपने प्रशंसकों के लिए नई फिल्म 'चटोरी बहू-2' लेकर आ रही हैं। हाल ही में, फिल्म के वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर की तारीख की घोषणा की गई।
फिल्म के निर्माताओं ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्टर साझा किया, जिसमें फिल्म के प्रसारण की तारीख और समय का उल्लेख किया गया है। इस पोस्टर में फिल्म के मुख्य किरदारों की झलक भी देखने को मिलती है।
निर्माताओं ने बताया, "भोजपुरी फिल्म 'चटोरी बहू-2' का वर्ल्ड टेलीविजन प्रीमियर 25 अप्रैल, शनिवार को शाम 6:30 बजे और 26 अप्रैल, रविवार को सुबह 9:30 बजे बी4यू भोजपुरी चैनल पर होगा।"
इस फिल्म का निर्देशन इश्तियाक शेख बंटी ने किया है, जबकि संदीप सिंह इसके निर्माता हैं और लेखन का कार्य अरविंद तिवारी ने किया है। अंजना सिंह के साथ इस फिल्म में प्रशांत सिंह, लाडो मधेसिया, ज्योति मिश्रा, सोनाली मिश्रा, अमर कुश, अमित शुक्ला, रूपा सिंह, प्रकाश जैस, सी.पी भट्ट, और सपना यादव भी नजर आएंगे।
फिल्म की कहानी एक महिला के इर्द-गिर्द घूमती है, जो घर के कामों में माहिर है और अपने पाक कौशल से पूरे जिले में पहचान बनाती है। हालांकि, उसकी यह यात्रा आसान नहीं होती। 'चटोरी बहू-2' में अंजना एक ऐसी महिला का किरदार निभा रही हैं, जो अपने परिवार के लिए स्वादिष्ट भोजन बनाती है, लेकिन जब उनकी बेटी के प्राइवेट स्कूल में दाखिले की बात आती है, तो परिवार की आर्थिक स्थिति एक बाधा बन जाती है। अंजना अपने हुनर का उपयोग कर पैसे इकट्ठा करने की योजना बनाती हैं ताकि अपनी बेटी को अच्छे स्कूल में दाखिल करा सकें।
यह पारिवारिक ड्रामा फिल्म भोजपुरी दर्शकों को घरेलू रिश्तों, भावनाओं और मनोरंजन का अनुभव कराएगी। यह फिल्म 2024 में प्रसारित हुई 'चटोरी बहू' का सीक्वल है, जिसमें स्मृति सिन्हा ने बहू का किरदार निभाया था।