बिपाशा बसु की वापसी: जानें 'बाराबंकी' में उनका नया लुक और कहानी
बिपाशा बसु की नई वेब सीरीज 'बाराबंकी'
मुंबई, 12 अक्टूबर। अभिनेत्री बिपाशा बसु लगभग छह साल बाद वेब सीरीज 'बाराबंकी' के जरिए बड़े पर्दे पर लौटने जा रही हैं। इस सीरीज की शूटिंग पहले ही शुरू हो चुकी है।
इस प्रोजेक्ट का निर्देशन राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता हंसल मेहता कर रहे हैं, जबकि इसे 'अल्माटी मोशन पिक्चर्स' के तहत प्रभलीन संधू (कौर) द्वारा प्रोड्यूस किया जा रहा है। बिपाशा के साथ इस सीरीज में सनी कौशल और विशाल जेठवा भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे।
यह सीरीज पूर्व आईपीएस अधिकारी आलोक लाल की किताब 'द बाराबंकी नार्कोस: बस्टिंग इंडियाज मोस्ट नोटोरियस ड्रग कार्टेल' पर आधारित है। कहानी 1984 के समय में सेट है, जो उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में एक बड़े अफीम और ड्रग्स तस्करी नेटवर्क और उसे समाप्त करने के लिए चलाए गए पुलिस ऑपरेशन को दर्शाती है। बिपाशा बसु इस सीरीज में एक अनोखे और अलग लुक में दिखाई देंगी।
बिपाशा बसु को आखिरी बार 2020 में आई वेब सीरीज 'डेंजरस' में देखा गया था, जिसमें उन्होंने अपने पति करण सिंह ग्रोवर के साथ काम किया था। भूषण पटेल द्वारा निर्देशित इस सीरीज में बिपाशा और करण के अलावा सोनाली राउत, नताशा सूरी, सुयश राय और नितिन अरोरा भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में थे।
इसकी कहानी लंदन में रहने वाले एक युवा व्यवसायी आदित्य धनराज (करण सिंह ग्रोवर) के इर्द-गिर्द घूमती है, जिनकी पत्नी दिया (सोनाली राउत) अचानक गायब हो जाती है। जब आदित्य पुलिस की मदद से अपनी पत्नी की खोज में निकलते हैं, तो उन्हें पता चलता है कि इस मामले की जांच अधिकारी नेहा सिंह (बिपाशा बसु) हैं, जो आदित्य की पूर्व प्रेमिका रह चुकी हैं। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ती है, यह गुमशुदगी अपहरण और फिरौती के मामले में बदल जाती है, जिसमें बिजनेस की प्रतिद्वंद्विता और कई छिपे हुए रहस्य भी सामने आते हैं।