बादशाह और श्रेया घोषाल का नया गाना 'महिया': एक रोमांटिक सफर की शुरुआत!
बादशाह और श्रेया घोषाल का रोमांटिक गाना 'महिया' रिलीज
मुंबई, 4 नवंबर। प्रसिद्ध रैपर बादशाह और अनुभवी गायिका श्रेया घोषाल ने हाल ही में अपने नए रोमांटिक ट्रैक 'महिया' को लॉन्च किया है। यह दोनों कलाकारों का पहला आधिकारिक सहयोग है, जिसे लेकर उनके प्रशंसकों में काफी उत्साह है।
बादशाह ने इस गाने के बोल खुद लिखे हैं, जबकि संगीत का निर्माण हितेन ने किया है। श्रेया की मधुर आवाज और बादशाह के मेलोडिक रैप का यह अनूठा संयोजन है। गाने के म्यूजिक वीडियो में प्रसिद्ध अभिनेत्री और सोशल मीडिया स्टार अवनीत कौर भी दिखाई दे रही हैं।
बादशाह ने इसे दो अलग-अलग संगीत की दुनिया का संगम और एक सुंदर प्रेम कहानी बताया। उन्होंने कहा, "सभी जानते हैं कि श्रेया जी रोमांटिक गानों की रानी हैं। इंडियन आइडल के सेट पर हमारी दोस्ती हमेशा मजबूत रही है, लेकिन इस गाने के लिए उस ऊर्जा को स्टूडियो में लाना एक अलग अनुभव था।"
उन्होंने आगे कहा, "'महिया' एक ऐसा गाना है, जिसमें प्यार, चाहत और जश्न का अद्भुत मिश्रण है। यह गाना लोगों के दिलों में बस जाएगा और सुनने पर ऐसा लगेगा कि दो अलग-अलग संगीत की दुनिया के लोग एक साथ एक प्रेम कहानी बयां कर रहे हैं।"
श्रेया ने कहा, "बादशाह और मैंने जजिंग के दौरान कई यादगार पल साझा किए हैं, लेकिन एक साथ गाने पर काम करना काफी समय बाद हुआ है। उन्होंने 'महिया' में एक नया और ताजा दृष्टिकोण पेश किया है। इस गाने में गहरी भावनाओं को आधुनिक संगीत के साथ खूबसूरती से मिलाया गया है, और मुझे विश्वास है कि फैंस को उनका अंदाज पसंद आएगा।"
अवनीत कौर ने इस गाने का हिस्सा बनने को 'एक सपने के सच होने जैसा' बताया। उन्होंने कहा, "मैं श्रेया मैम के गाने सुनते हुए बड़ी हुई हूं और सालों से बादशाह भाई के म्यूजिक को फॉलो कर रही हूं, इसलिए इस प्रोजेक्ट का हिस्सा बनना मेरे लिए खास है। मैं उत्सुकता से इंतजार कर रही हूं कि दर्शक ‘महिया’ को देखें और उस प्यार और भावनाओं से जुड़ें, जिसे हमने इसमें लाने की कोशिश की है। मुझे उम्मीद है कि यह गाना लोगों के दिलों में जगह बनाएगा और उनकी अपनी प्रेम कहानी का हिस्सा बनेगा।"
गाने के वीडियो को प्रसिद्ध कोरियोग्राफर जोड़ी पीयूष-शाजिया ने तैयार किया है।