प्रियंका चोपड़ा की शॉर्ट फिल्म 'वी वर हियर' ने ऑस्कर की दौड़ में बनाई जगह, जानें इसके पीछे की कहानी!
प्रियंका चोपड़ा की शॉर्ट फिल्म का ऑस्कर में नामांकन
मुंबई, 30 अक्टूबर। अभिनेत्री और निर्माता प्रियंका चोपड़ा जोनस की भारतीय शॉर्ट फिल्म 'वी वर हियर' अब ऑस्कर की रेस में शामिल होने के लिए योग्य हो गई है। इस उपलब्धि पर प्रियंका ने खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि यह फिल्म एक समकालीन और महत्वपूर्ण विषय को एक नए और दिलचस्प तरीके से प्रस्तुत करती है।
प्रियंका चोपड़ा जोनस इस प्रोजेक्ट में कार्यकारी निर्माता के रूप में शामिल हैं।
शॉर्ट फिल्म 'वी वर हियर' एक मॉक्यूमेंट्री है, जो भारत के एक छोटे शहर में रहने वाले तीन बुजुर्गों की कहानी को दर्शाती है, जो एआई के बढ़ते प्रभाव का विरोध करने के लिए घरेलू उपकरणों का रूप धारण कर लेते हैं।
इस फिल्म को कई प्रमुख शॉर्ट फिल्म फेस्टिवलों में पुरस्कार मिल चुके हैं। पाम स्प्रिंग्स इंटरनेशनल शॉर्टफेस्ट में 'बेस्ट लाइव-एक्शन शॉर्ट फिल्म' और 'बेस्ट कॉमेडी शॉर्ट' का पुरस्कार जीतने के बाद यह फिल्म ऑस्कर की दौड़ में शामिल होने के लिए योग्य हो गई है।
प्रियंका चोपड़ा जोनस ने कहा, "यह फिल्म एक ऐसे विषय पर मजेदार तरीके से बात करती है, जो आज के समय में बहुत जरूरी है। मैं इस क्रिएटिव टीम का समर्थन करने के लिए एग्जीक्यूटिव प्रोड्यूसर के रूप में तुरंत तैयार हो गई, ताकि उनकी कहानी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचे।"
फिल्म के लेखक-निर्देशक प्रणव भसीन ने कहा, "'वी वर हियर' एक छोटे और मजेदार आइडिया के रूप में शुरू हुई थी। तीन अंकल जो एआई को रोकना चाहते हैं, लेकिन धीरे-धीरे मुझे उनकी दोस्ती और जिद्दी हौसले से प्यार हो गया।"
उन्होंने आगे कहा, "भारत में हकीकत अक्सर कहानी से भी ज्यादा अजीब होती है और मॉक्यूमेंट्री फॉर्मेट के कारण मैं फिल्म को असली लोगों और स्थानों से जोड़े रख सका, साथ ही यह भी दिखा सका कि चीजें कितनी बेतुकी हो सकती हैं। अब जब फिल्म ऑस्कर की रेस के लिए क्वालिफाई हो गई है, तो मैं अभी भी इसे समझने की कोशिश कर रहा हूं। मैंने इसे वैसे ही बनाया, जैसे मैं हर चीज बनाता हूं। एक आइडिया, जो मुझे पागलपन भरा लगा, उसका आखिर तक पीछा किया। मुझे कभी यकीन नहीं था कि मेरे दिमाग के बाहर भी किसी और को यह समझ आएगी।"
अपनी बात को समाप्त करते हुए उन्होंने कहा, "एक युवा फिल्ममेकर के रूप में, मेरे लिए यह बहुत बड़ी बात है कि मेरे साथ एंड्रयू स्कॉट और प्रियंका चोपड़ा जोनस जैसे अनुभवी और बेहतरीन लोग हैं। हम सभी इस फिल्म को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए उत्साहित हैं।"