☰
×

पंकज त्रिपाठी और अदिति राव हैदरी की नई फिल्म 'पारिवारिक मनोरंजन' में दीपावली का जश्न!

अभिनेता पंकज त्रिपाठी और अदिति राव हैदरी की नई फिल्म 'पारिवारिक मनोरंजन' में दीपावली का जश्न मनाने की सादगी और परिवार का महत्व दर्शाया गया है। पंकज ने बताया कि वे हर साल इस पर्व को अपने परिवार के साथ सादगी से मनाते हैं। अदिति भी इस साल अपने पति के साथ दीपावली मनाने के लिए उत्सुक हैं। फिल्म में रोमांस, हास्य और ड्रामा का तड़का है, जो 13 नवंबर को सोनी लिव पर रिलीज होगी।
 

दीपावली का सादगी भरा जश्न


मुंबई, 07 नवंबर (वेब वार्ता)। अभिनेता पंकज त्रिपाठी जल्द ही अपनी नई फिल्म 'पारिवारिक मनोरंजन' में दिखाई देंगे। उन्होंने बताया कि वे दीपावली का त्योहार सादगी से और अपने परिवार के साथ मनाना पसंद करते हैं।


पंकज ने साझा किया कि उनके घर में दीपावली का उत्सव हमेशा शांतिपूर्ण तरीके से मनाया जाता है, जिसमें दीये जलाए जाते हैं, घर का बना खाना तैयार होता है और लक्ष्मी पूजा की जाती है। उन्होंने कहा, “इस साल भी हम दीपावली को सादगी से मनाएंगे। हर साल हम अपनी पत्नी और बच्चों के साथ ऐसा ही करते हैं। घर में 10 मिट्टी के दीये जलते हैं, घर का खाना बनता है, दीया-बाती जलती है और लक्ष्मी जी की पूजा होती है। हम चाहते हैं कि लक्ष्मी जी हमारे जीवन में और सभी के जीवन में बनी रहें।”


अभिनेत्री अदिति राव हैदरी ने भी इस साल दीपावली अपने पति और अभिनेता सिद्धार्थ के साथ मनाने की खुशी व्यक्त की। उन्होंने बताया कि पिछले साल सिद्धार्थ अमेरिका में शूटिंग कर रहे थे, इसलिए वे साथ नहीं मना पाए थे।


अदिति ने कहा, “पिछले साल सिद्धार्थ दीपावली के समय अमेरिका में थे, लेकिन इस साल वह यहीं हैं। मैं बहुत खुश हूं कि हम साथ रहेंगे और उम्मीद है कि प्रमोशन के बाद घर भी जा पाएंगे।”


दोनों कलाकार जल्द ही 'पारिवारिक मनोरंजन' में नजर आएंगे, जो एक फैमिली एंटरटेनर है, जिसमें रोमांस, हास्य और ड्रामा का तड़का है।


फिल्म की कहानी लखनऊ के एक बड़े पुश्तैनी घर में रहने वाले कुंवारे रंजन दुबे (पंकज त्रिपाठी) के इर्द-गिर्द घूमती है। रंजन घर के कामकाज के लिए एक विज्ञापन देते हैं, जिसके जवाब में अदिति राव हैदरी का किरदार उनके घर आता है, जिससे उनकी शांत ज़िंदगी में रोमांस, हंसी और सस्पेंस का तड़का लगता है।


इस फिल्म का निर्देशन वरुण वी शर्मा ने किया है, जबकि कहानी और स्क्रीनप्ले बृजेंद्र काला, अली अब्बास जफर और वरुण वी शर्मा ने लिखा है। इसे विनोद भानुशाली, कमलेश भानुशाली, हिमांशु किशन मेहता और एलिसिया जफर ने प्रोड्यूस किया है। 'पारिवारिक मनोरंजन' अदिति और पंकज की पहली फिल्म है, जो 13 नवंबर को सोनी लिव पर रिलीज होगी।