×

नोरा फतेही का जलवा: FIFA World Cup 2026 की ओपनिंग सेरेमनी में करेंगी परफॉर्म!

बॉलीवुड की डांसिंग सेंसेशन नोरा फतेही एक बार फिर से अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत का नाम रोशन करने जा रही हैं। वह 'फीफा वर्ल्ड कप 2026' के उद्घाटन समारोह में अपनी अद्भुत परफॉर्मेंस देंगी। यह समारोह 12 जून को कनाडा के टोरंटो में होगा, जहां नोरा के साथ कई अन्य अंतरराष्ट्रीय सितारे भी परफॉर्म करेंगे। जानें इस भव्य इवेंट के बारे में और कैसे यह समारोह संगीत, संस्कृति और एकता का प्रतीक बनेगा।
 

नोरा फतेही का अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदर्शन


मुंबई, 9 मई। बॉलीवुड की डांसिंग सेंसेशन और वैश्विक स्टार नोरा फतेही एक बार फिर से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन करने जा रही हैं। वह 'फीफा वर्ल्ड कप 2026' के उद्घाटन समारोह में अपनी अद्भुत परफॉर्मेंस और गायकी से दर्शकों का दिल जीतेंगी। यह भव्य समारोह कनाडा के टोरंटो में आयोजित किया जाएगा। नोरा का इस प्रतिष्ठित मंच पर होना भारतीय मनोरंजन उद्योग के लिए गर्व की बात है।


12 जून को टोरंटो के प्रसिद्ध बीएमओ फील्ड स्टेडियम में 'फीफा वर्ल्ड कप 2026' का उद्घाटन समारोह होगा। इस खास अवसर पर नोरा फतेही के साथ कई अंतरराष्ट्रीय संगीत सितारे भी अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। इस लिस्ट में माइकल बुबले, एलानिस मॉरिसेट, एलेसिया कारा, एलियाना, जेसी रेयेज, संजॉय, वेगेड्रीम और विलियम प्रिंस जैसे कलाकार शामिल हैं।


अमेरिका में होने वाले उद्घाटन समारोह में अनीता, फ्यूचर, कैटी पेरी, लिसा, रेमा और टायला जैसे बड़े अंतरराष्ट्रीय सितारे भी मंच पर नजर आएंगे। इस प्रकार, फीफा वर्ल्ड कप 2026 एक संगीत, संस्कृति और मनोरंजन का बड़ा उत्सव बनने जा रहा है।


फीफा की आधिकारिक जानकारी के अनुसार, कनाडा में होने वाला उद्घाटन समारोह देश की संस्कृति और विविधता को वैश्विक मंच पर प्रदर्शित करेगा। समारोह की शुरुआत कनाडा की खूबसूरत जगहों और वहां की परंपराओं को दर्शाने वाले विशेष प्रस्तुतियों से होगी। आयोजकों का कहना है कि यह समारोह एकता, उत्साह और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक होगा।


फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो ने इस समारोह के बारे में कहा, ''टोरंटो में होने वाला उद्घाटन समारोह कनाडा की पहचान और फीफा वर्ल्ड कप के प्रति लोगों के उत्साह को दर्शाएगा। संगीत, संस्कृति और शानदार परफॉर्मेंस के माध्यम से पूरी दुनिया का स्वागत किया जाएगा। यह पल कनाडा के लिए गर्व, एकता और उत्साह का प्रतीक होगा, क्योंकि देश पहली बार फुटबॉल के सबसे बड़े मंच पर इतनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।''


फीफा वर्ल्ड कप 2026 में कुल 104 मैच खेले जाएंगे, जो 16 विभिन्न होस्ट शहरों में आयोजित होंगे। टूर्नामेंट की शुरुआत 11 जून को मेक्सिको सिटी से होगी, जबकि फाइनल मुकाबला 19 जुलाई को न्यूयॉर्क-न्यू जर्सी स्टेडियम में खेला जाएगा। दुनियाभर के फुटबॉल प्रेमी इस मेगा इवेंट का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।


--News Media


पीके/एएस