दिल्ली में पहली बार अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव: भूमि पेडनेकर और मानव विज का खास योगदान
दिल्ली में अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का आगाज
नई दिल्ली, 30 मार्च। अब दिल्ली में भी मायानगरी के सिनेमा का सपना साकार हो सकेगा, क्योंकि यहां पहली बार अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव का आयोजन हो रहा है।
यह महोत्सव 31 मार्च तक चलेगा, जिसमें कई सितारे शामिल होंगे। सोमवार को 'टॉयलेट: एक प्रेमकथा' और 'दम लगाके हईशा' जैसी चर्चित फिल्मों में मुख्य भूमिका निभाने वाली भूमि पेडनेकर और अभिनेता मानव विज इस समारोह में शामिल हुए।
भूमि पेडनेकर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्हें इस महोत्सव का हिस्सा बनकर खुशी हो रही है। उन्होंने बताया कि दिल्ली को इस फिल्म फेस्टिवल की बहुत आवश्यकता थी, और आज सरकार और आयोजकों की मेहनत ने कलाकारों और निर्माताओं को एक बड़ा मंच प्रदान किया है। भले ही वह मुंबई की निवासी हैं, लेकिन उनका दिल दिल्ली के लिए धड़कता है।
अभिनेत्री ने ओटीटी और सिनेमा में आए बदलाव पर चर्चा करते हुए कहा कि ओटीटी पर मिलने वाले किरदारों का श्रेय लेखकों को जाता है, जो ऐसे किरदारों को लिखते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यधारा के सिनेमा में महिलाओं के लिए उतने अच्छे और प्रयोगात्मक रोल नहीं मिलते हैं, जितने ओटीटी पर मिलते हैं, लेकिन उन्हें उम्मीद है कि यह बदलाव जल्द आएगा।
पंजाबी अभिनेता मानव विज भी इस महोत्सव का हिस्सा बने और उनकी फिल्म 'मां जाए' की विशेष स्क्रीनिंग आयोजित की गई। उन्होंने बताया कि यह फिल्म उनके लिए बहुत खास है और उन्होंने अपने किरदार को जीवंत करने के लिए पूरी मेहनत की। उन्हें विश्वास था कि फिल्म सफल होगी, लेकिन यह नहीं पता था कि इसे इतना सम्मान मिलेगा।
मानव विज ने कहा कि इस अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के कारण अच्छा सिनेमा सामने आता है और यह दूसरों को भी अच्छी फिल्म बनाने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि किसी चीज की गुणवत्ता तभी बढ़ सकती है जब उसे बेहतर मंच मिले।